रायपुर में पुराने सर्किट हाउस की जगह बनेगा एनेक्सी भवन
करीब 14.43 करोड़ की लागत से सिविल लाइन्स में बनने वाले इस नए यूटिलिटी सेंटर का निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा।
रायपुर, 14 मार्च 2026। राजधानी के सिविल लाइन्स के न्यू सर्किट हाउस परिसर में एनेक्सी भवन बनेगा। दरअसल पुराने सर्किट हाउस की खाली जगह पर पार्किंग, कैफेटेरिया और सुईट रूम के साथ यह भवन बनेगा, जो नए सर्किट हाउस से कनेक्ट रहेगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग ने टेंडर फाइनल कर दिया है। 14.43 करोड़ की लागत से बनने वाले इस यूटिलिटी सेंटर का टेंडर 25% नीचे गया है। इस नए एनेस्टी सेंटर के बनने से सर्किट हाउस का इंडियन कॉफी हाउस नए भवन में शिफ्ट हो जाएगा।
रायपुर में काफी हाउस का अपना एक लंबा इतिहास रहा है। कई मामलों पर काफी हाउस में रणनीति बनती रही है। कई तरह के चर्चाओं का गवाह है इंडियन कॉफी हाउस। खासकर बौद्धिक चर्चाओं का यह केंद्र बिंदु रहा है। सर्किट हाउस के नीचे होने से कुछ लोग काफी हाउस जाने से कतराते हैं। अतः इसे नए एनेस्टी भवन में शिफ्ट किया जाएगा। 4 मंजिल के इस प्रस्तावित भवन में सुईट रूम, मीटिंग हाल और अन्य कमरे भी बनाए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय के अपर सचिव ने 14.43 करोड़ की लागत से बनने वाली इस यूटिलिटी बिल्डिंग की निविदा का स्वीकृति आदेश 12 मार्च को जारी कर दिया है। रायपुर संभाग क्रमांक 1 के कार्यपालन अभियंता को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि पर इस भवन के निर्माण कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। इस भवन का निर्माण स्वीकृत ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुसार ही पूर्ण करना होगा। ठेकेदार के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर होने के बाद शीघ्र ही इस एनेस्टी भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा।