• पीएम मोदी की रैली से पहले कोलकाता में टीएमसी और बीजेपी के बीच झड़प, मंत्री शशि पांजा के घर पत्थरबाजी

    चश्मदीदों के मुताबिक, टीएमसी और बीजेपी के समर्थकों ने कथित तौर पर एक दूसरे पर पत्थर फेंके और नारे लगाए, जिससे इस व्यस्त इलाके में  तनाव फैल गया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-

    कोलकाता, 15 मार्च 2026. यहां गिरीश पार्क इलाके में राज्य मंत्री और तृणमूल  कांग्रेस (टीएमसी ) की वरिष्ठ नेता  डॉ. शशि पांजा के घर के नजदीक से आए दृश्यों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है. शशि पांजा ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने टीएमसी समर्थकों पर हमला किया और पथराव किया. राज्य मंत्री डॉ. शशि पांजा  ने कहा कि इस घटना में कम से कम 50 तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि पथराव के दौरान उनकी ओर एक बड़ा पत्थर फेंका गया, इसके बाद उन्हें अंदर की ओर धकेल दिया गया. मंत्री के मुताबिक, हालात बेहद तनावपूर्ण थे और हमला अचानक हुआ.

    'बॉयकॉट बीजेपी ' बैनर फाड़ने का आरोप 

    डॉ. शशि पांजा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने "बॉयकॉट बीजेपी " का बैनर देखा, उसे फाड़ दिया और इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के साथ मारपीट की. उन्होंने कहा कि इलाके में पथराव शुरू हो गया, जिससे अफरा - तफरी मच गई. राज्य मंत्री के मुताबिक, इस हिंसा के दौरान सिर्फ टीएमसी कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि हालात इतने बेकाबू थे कि पुलिस को भी चोटें 
    आई है.

    "कोलकाता में ऐसी गुंडागर्दी पहले कभी नहीं देखी"

    डॉ. शशि पांजा ने कहा कि कोलकाता में इस तरह की गुंडागर्दी पहले कभी नहीं देखी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कानूनहीनता बंगाल में नहीं होती और जो कुछ भी हुआ, वह बेहद गंभीर है. टीएमसी नेता ने कहा कि जानबूझकर  तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों को निशाना बनाया गया. उनके मुताबिक, यह पूरी घटना सुनियोजित थी और किसका उद्देश्य इलाके में डर का माहौल पैदा करना था. 

    अधिकारियों ने क्या बताया

    अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को मध्य कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और बीजेपी के समर्थकों के  बीच झड़प हो गई. यह झड़प ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी की रैली से करीब 30 मिनट पहले हुई. इस दौरान एक पुलिस अफसर और बीजेपी का एक लीडर घायल हो गया. यह आरोप भी सामने आया कि गिरीश पार्क इलाके में पश्चिम बंगाल की मंत्री डॉ. शशि पांजा के घर पर पत्थर फेंके गए. यह हिंसा रैली स्थल से करीब 5 किमी दूर में हुई.

    बंगाल में बीजेपी का बड़ा दांव... पार्टी पोस्टरों की जगह काली मंदिर के साए में पीएम मोदी का हुंकार 

    बताया गया कि बीजेपी समर्थक पीएम की सभा में शामिल होने ब्रिगेड परेड ग्राउंड की तरफ मार्च कर रहे थे. यह सभा विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की राज्यव्यापी 'परिवर्तन यात्रा' का समापन समारोह  थी. चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों पार्टियों के समर्थकों ने कथित तौर पर एक दूसरे पर पत्थर फेंके और नारेबाजी की, जिससे इस व्यस्त इलाके में तनाव फैल गया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में बाजार पुलिस स्टेशन के प्रभारी बप्पादित्य नस्कर घायल हो गए.

    बीजेपी का दावा 

    बीजेपी ने दावा किया कि  उसके उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमघ्नों घोष और पार्टी के कई कार्यकर्ता इस झड़प में घायल हुए. भाजपा नेताओं के मुताबिक, तमाघ्नों घोष को बाद में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि रैली स्थल की ओर जा रहे उनके समर्थकों पर  हमला किया गया और कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए, जिनमें रैली में समर्थकों को ले जा रही बसें भी शामिल थी. हालांकि, टीएमसी कार्यकर्ताओं ने इन आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि बीजेपी समर्थकों ने ब्रिगेड  रैली के रास्ते में गिरीश पार्क इलाके से गुजरते समय सबसे पहले मंत्री डॉ. शशि पांजा के घर पर हमला किया.