• फोन पर बड़े नेता का पीए बनकर ठगों ने लगाया भाजपा नेता पुरंदर मिश्रा को 10 हजार का चूना

    छत्तीसगढ़ के रायपुर में साइबर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाते हुए खुद को बड़े नेता का निजी सहायक बताकर  डीजल भरवाने के नाम पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  यह खास रिपोर्ट:-

    रायपुर, 26 मई 2026.  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस बार शातिर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाया. फोन पर बड़े नेता का निजी सहायक बताकर भाजपा विधायक को  ठगों ने लूटा, कहा -- सर डीजल भरवाना है, तुरंत पैसे चाहिए. आरोपी खुद को बीजेपी के एक बड़े नेता का निजी सहायक ( पीए ) बताकर विधायक जी को पहले विश्वास में लिया और फिर डीजल भरवाने के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवा लिए.

    यह पूरा मामला रायपुर के खम्हारडीह पुलिस इलाके का है, जहां शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. आरोपी ने फोन पर तत्काल जरूरत का हवाला दिया, इसके बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने मंदिर के सेवक के जरिए राशि ट्रांसफर कराई.

    फोन कॉल से शुरू हुआ ठगी का खेल 

    मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी  ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और खुद को बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता का पीए बताया. बातचीत के दौरान उसने तत्काल डीजल भरवाने के लिए  पैसों की जरूरत होने की बात कही. विश्वास में लेने के बाद आरोपी ठग ने राजनीतिक पहचान और जरूरी काम का हवाला दिया. इसके बाद उसने दो अलग-अलग समय में रुपए ट्रांसफर करने को कहा.

    मंदिर के सेवक से करवाया गया रकम ट्रांसफर 
    बताया जा रहा है कि विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए.
     कुछ समय बाद जब मामले की पुष्टि की गई तो पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति नकली था और उसके द्वारा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी हुई है.

    प्राथमिक दर्ज, आरोपी की तलाश शुरू

    घटना सामने आने के बाद सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह पुलिस में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के इस मामले की हर पहलू से तहकीकात की जा रही है.

    नेताओं को बना रहे साइबर ठग निशान

    राजधानी रायपुर में हाल के दिनों में नेताओं और जनप्रतिनिधियों को ठगो के द्वारा निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ती हुई दिखाई दे रही है. साइबर अपराधी अब राजनीतिक पहचान और प्रभावशाली नामों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में ले रहे हैं. पुलिस का कहना है कि ऐसे मामले में सतर्कता बेहद जरूरी है और किसी भी अनजान कॉल या पैसे की मांग की पहले पुष्टि कर ली जानी चाहिए.