नौतपा का प्रचंड प्रहार : आसमान से बरसी आग, लू के थपेडों से हाल बेहाल
जेठ की तपिश के बीच सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो गई है. पहले ही दिन सूर्यदेव के तल्ख़ तेवरों ने आमजन को झुलसा दिया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 26 मई 2026. आसमान से बरसती आग और धूलभरी गर्म हवाओं ( लू ) के थपेडों से लोग दिनभर बेहाल रहे. सुबह सूरज की किरणें निकलने के साथ ही लोग पसीने से तर- बतर हो गए. जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप की तपिश ने रौद्र रूप धारण कर लिया, जिसके चलते दोपहर के समय बाजारों और मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसर गया. गर्मी से बचाव के तमाम प्रयास किए, लेकिन गर्मी के चलते शरीर से पसीना नहीं रुक रहा. दिन चढ़ने के साथ सूर्यदेव के तेवर तल्ख़ होते गए. दोपहर के समय तपिश और गर्मी के चलते जनजीवन बेहाल हो गया. राहगीर और वाहन चालकों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. हालांकि, इस दौरान सिर्फ जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले. राहगीरों और वाहन चालकों ने चेहरे को पूरी तरह कपड़े से ढककर जैसे तैसे सफर पूरा किया.
भीषण गर्मी का आलम यह रहा कि घरों और दफ्तरों में चल रहे कूलर और पंखे भी पूरी तरह हांफ गए एवं गर्म हवा फेंकते रहे. उमस के चलते एसी भी कूलिंग करने में नाकाम रहे. गर्मी के बीच बिजली की ट्रिंपिंग के चलते एसी में कट लगते रहे. जिससे राहत नहीं मिल सकी. दिन भर लोग गर्मी से बेचैन नजर आए. जबकि रात के समय भी गर्मी में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
पशु पक्षी भी व्याकुल
इस प्रचंड गर्मी का असर केवल जनमानस पर ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु पक्षियों पर भी साफ देखा गया. ग्रामीण अंचलों में मवेशी छांव तलाशते दिखे, वहीं, छतों और पेड़ों पर पक्षी पानी के लिए व्याकुल नजर आए.
29 मई से आंधी और बारिश के आसार
मौसम के इस भीषण सितम के बीच एक राहत भरी खबर भी है. नौतपा की शुरुआती दौर के बाद 29 मई से मौसम का मिजाज करवट लेने की पूरी संभावना है. तेज हवाओं और आंधी के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आएगी और पारा 28 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच सकता है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से निजात मिलेगी.
गर्मी में पेयजल पदार्थों की बड़ी डिमांड
गर्मी बढ़ते ही बाजारों में शिकंजी, लस्सी, बेल के जूस और तरबूज की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है. गर्मी का असर तेज होते ही डिमांड बढ़ गई है. वहीं मिट्टी के बर्तन की बिक्री में भी तेजी आई है.
कूलर- पंखा की खरीददारी बढ़ी
गर्मी से बचने के लिए कूलर - पंखा की खरीदारी बढ़ी है. इसके अलावा लोग एसी भी खरीद रहे हैं. पिछले कुछ दिनों में दोगुना डिमांड बढ़ गई है.