सी जोसेफ विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, लिए तीन अहम फैसले, मंच पर राहुल गांधी मौजूद
तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके ) अध्यक्ष सी जोसफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
चेन्नई, 10 मई 2026. इसके साथ ही राज्य में लगभग 6 दशकों से जारी दो प्रमुख द्रविड़ दलों डीएमके और अन्ना डीएमके के बारी-बारी से सत्ता में आने का दौर समाप्त हो गया है. मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने मंच पर ही तीन आदेशों पर हस्ताक्षर किए. इन आदेशों में हर घर को 200 यूनिट बिजली फ्री करना, नशे की समस्या से निपटने के लिए हर जिले में स्पेशल फोर्स बनाना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाना शामिल है.
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने रविवार सुबह 10 बजे बाद चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. दरअसल, शनिवार को 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में 120 निर्वाचित विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया था. विजय के साथ टीवीके के कुछ वरिष्ठ नेताओं सहित 9 अन्य लोगों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है.
विजय कांग्रेस के सहयोग से गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे. राज्यपाल ने विजय को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने का निर्देश भी दिया है. जिन 9 लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली,वे हैं -'बुसी ' एन आनंद, आधव अर्जुना, केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टेयन, पी वेंकटरमणन, सिटीआर निर्मल कुमार, ए. राजमोहन, टीके प्रभु और एस कीर्तना.
विजय को जानिए
विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है. उनका जन्म 22 जून 1974 को चेन्नई में हुआ. पिता एस ए चंद्रशेखर तमिल सिनेमा के जाने-माने निर्देशक रहे हैं और मां शोभा एक गायिका थी. फिल्मी माहौल में पले - बढ़े विजय अभिनेता से राजनेता बने और पहली बार में ही मुख्यमंत्री बन गए. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर राहुल गांधी भी विजय के साथ खड़े नजर आए.