CM विजय ने राजनीति में स्वस्थ परंपरा की शुरुआत की, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से मिलने उनके घर पहुंचे, क्या हुई बात?
मौजूदा परिदृश्य में देश में राजनीति का स्तर किसी से छुपा नहीं है। ऐसे दौर में भी शपथ लेने के दूसरे दिन तमिलनाडु के सीएम विजय ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंती डीएमके प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मिलने उनके निवास पहुंचे। इस ऐतिहासिक जीत के बाद बनी गठबंधन सरकार के मुखिया विजय और स्टालिन के बीच हुई बातचीत का विवरण अभी सामने नहीं आया है।
चेन्नई, 12 मई 2026। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को अपने पूर्ववर्ती और DMK प्रमुख एम के स्टालिन से मुलाकात की। टीवीके चीफ ने रविवार को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यह शपथ उन्होंने एक ऐतिहासिक चुनावी जीत के बाद ली, जिसने दशकों से चली आ रही DMK और AIADMK की दो दलीय सत्ता के प्रभुत्व को तोड़ दिया। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात में किन-किन मुद्दों पर बातचीत हुई, अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है।
दोनों नेताओं ने किया अभिवादन
मीडिया के साथ साझा की गई मुलाकात की तस्वीरों में विजय काले रंग के सूट पहले हुए, DMK प्रमुख का हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्टालिन ने भी उसी अंदाज में उनका अभिवादन स्वीकार किया। स्टालिन ने बड़े गर्मजोशी के साथ सीएम विजय का स्वागत किया। स्टालिन के पुत्र और पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि ने भी मुख्यमंत्री विजय का स्वागत किया। बता दें कि रविवार को आयोजित सीएम विजय के शपथ ग्रहण समारोह में स्टालिन नहीं गए थे। जिनको हराकर सत्ता में आए अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदी एम के स्टालिन से मिलने उनके घर पहुंचकर विजय ने फिर लोगों का दिल जीत लिया।
स्टालिन ने दी विजय को बधाई
मुलाकात से पहले ही स्टालिन ने विजय को बधाई दी थी। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने उत्तराधिकारी से कहा कि वे राज्य की आर्थिक स्थिति के लिए पिछली सरकार पर दोष न डालें। इसके बजाय, स्टालिन ने कहा कि लोगों से किए गए वादों को पूरा करना सुनिश्चित करें।