दीपक मिश्र ने हरिवंश को दी बधाई, राधाकृष्णन व चंद्रशेखर को किया याद
विशिष्ट समाजवादी चिंतक व बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र ने हरिवंश सिंह को लगातार तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति चयनित होने पर बधाई दी है वहीं राधाकृष्णन एवं चंद्रशेखर को भी याद किया है.
लखनऊ, 18 अप्रैल 2026. दीपक मिश्र ने कहा कि लेखक व पत्रकार हरिवंश प्रतिबद्ध समाजवादी और गणतांत्रिक मूल्य में गहरी आस्था रखने वाले व्यक्ति हैं. उनके अनुभव और अध्ययन से भारतीय गणतंत्र की गुणात्मक शक्ति बढ़ेगी. दीपक मिश्र ने बधाई देते हुए बताया कि हरिवंश जी समाजवादी वैचारिकी अभियानों से जुड़े रहे हैं. लोहिया और समाजवाद पर होने वाली संगोष्ठियों और परिचर्चाओं में हरिवंश जी बढ़ चढ़कर सहभागिता करते हैं.
भारतीय संसदीय इतिहास में नजमा हेपतुल्ला के बाद लगातार तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति चयनित होने वाले वे दूसरे व्यक्ति हैं. जयंती के मौके पर समाजवादी नेता एवं प्रधानमंत्री रहे चंद्रशेखर को याद करते हुए दीपक मिश्र ने कहा कि देश की राजनीति में भौतिकवाद चरम पर है, नई पीढ़ी को चंद्रशेखर के सिद्धांत और व्यवहार का सामंजस्य बनाकर लोकजीवन जीने की सलाहियत सीखनी चाहिए.
दीपक मिश्र ने बताया कि दार्शनिक सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने भारतीय मनीषा में समाजवादी तत्वों को तलाशा और भारत में ऐसे समाजवादी समाज का स्वप्न देखा जिसमें सबको तरक्की का समान अवसर मिले. दीपक ने कहा कि सर्वपल्ली राधाकृष्णन द्वारा स्थापित संवैधानिक एवं संसदीय अध्ययन संस्थान का सदस्य होने का उन्हें गर्व है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया.