• कवर्धा बायपास और NH-30 के धवईपानी से सिमगा सेक्शन को भी 4-लेन करने की मांग, गडकरी ने दिया शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन

    राष्ट्रीय राजमार्ग NH 30 सिमगा से जबलपुर के  अंतर्गत कवर्धा के धवईपानी (चिल्पी) से सिमगा करीब 122 किमी के हिस्से को 4 लेन करने की आवश्यकता है। धवईपानी से मंडला- जबलपुर को फोरलेन की स्वीकृति पहले ही दे दी गई है। दिल्ली को छत्तीसगढ़ से कनेक्ट करने वाली इस हाइवे पर वाहनों की काफी भीड़  रहती है। इससे रायपुर से जबलपुर तक आमजन को निर्बाध 4-लेन मार्ग की सुविधा मिल सकेगी। 

    कवर्धा, 1 मार्च 2026. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार के अपने नागपुर प्रवास के दौरान भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से महत्वपूर्ण मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के धवईपानी (चिल्फी) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक लगभग 122 किलोमीटर लंबे सेक्शन को 4-लेन में उन्नत करने तथा कवर्धा बायपास (4L+PS) के निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

    उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी को बताया कि हाल ही में एनएच - 30 के जबलपुर से मंडला एवं चिल्फी तक लगभग 160 कि.मी. के सेक्शन को 4-लेन में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में चिल्फी (धवईपानी) से कवर्धा तथा कवर्धा गुरूनाला से सिमगा तक का मार्ग 10 मीटर चौड़ाई की 2-लेन सड़क के रूप में निर्मित है। चिल्फी से रायपुर मार्ग पर वर्तमान में व्यावसायिक एवं भारी वाहनों का अत्यधिक आवागमन होता है। जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन के 4-लेन बनने के बाद यातायात का दबाव आगे के 2-लेन सेक्शन पर और अधिक बढ़ने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लोक सुरक्षा एवं यातायात सुगमता के दृष्टिकोण से धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा (रायपुर) तक के पूरे सेक्शन को 4-लेन में उन्नत करना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

    जबलपुर से रायपुर के मध्य एनएच-30 पर जिला कबीरधाम मुख्यालय कवर्धा स्थित है। यह अंतर्राज्यीय मार्ग व्यावसायिक, सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। यह मार्ग दिल्ली से छत्तीसगढ़ को जोड़ता है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कवर्धा शहर में भारी यातायात के दबाव को कम करने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कवर्धा बायपास (4 लेन मय पेव्ड शोल्डर) के निर्माण की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि बायपास निर्माण से शहर के भीतर दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। इससे रायपुर से जबलपुर तक आमजन को निर्बाध 4-लेन मार्ग की सुविधा मिल सकेगी।