• नंदीग्राम में वोटिंग से पहले ईसी   ने बदला पुलिस ऑब्जर्वर, पहले चरण का मतदान कल

    गुरुवार यानी कल ( 23 अप्रैल) पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर वोटिंग है तो वहीं तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर भी 23 अप्रैल को ही मतदान है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:.

    कोलकाता/ चेन्नई, 22 अप्रैल 2026. बंगाल में फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर बुधवार को प्रचार थम गया. अब कल यानी 23 अप्रैल गुरुवार को पहले चरण में इन 152 सीटों पर मतदान होगा. इसी के साथ कल 23 अप्रैल को  एक ही चरण में तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी. भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग पूरी तरह से तैयार हैं.

    राज्यपाल ने निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
    पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने घोषणा की कि राज्य में होने वाले दो चरणों के विधानसभा  चुनाव( 23 व 29 अप्रैल) को स्वतंत्र और निष्पक्ष, भयमुक्त कराने के लिए 24×7 नागरिक हेल्पलाइन शुरू की है. राज्यपाल कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि बीते कुछ दिनों में  राज्यपाल ने आम जनता से मुलाकातें की, जिसमें कई लोगों ने चुनाव से पहले और बाद में होने वाली हिंसा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की. 

    बयान में कहा गया कि कई लोगों ने अपने पुराने अनुभव साझा किए, जिनमें चुनाव के दौरान हिंसा, परिवार के सदस्यों की हत्या और मतदान से रोके जाने जैसी घटनाएं शामिल थी. कुछ लोगों ने बताया कि डराने धमकाने के बावजूद वोट डालने पर उन्हें शारीरिक हमले का सामना करना. बयान के मुताबिक, राज्य प्रशासन और पुलिस ने चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, फिर भी लोगों की मदद के लिए राजभवन ने 24 ×7 हेल्पलाइन शुरू की है.

    राज्य के सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़ - चढ़कर हिस्सा लें और वोटिंग जरूर करें. ईसीआई ने सभी मतदान बूथों पर पीठासीन अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के इस्तेमाल में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. जबकि पीठासीन अधिकारियों को यह जांच और पुष्टि अवश्य करनी चाहिए, जिससे मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न ना हो. आयोग ने स्पष्ट कहा है कि बैलेट यूनिट के कैंडिडेट बटन पर कोई रंग, स्याही, परफ्यूम या कोई भी केमिकल नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि ऐसी हरकतों से वोटो की सिक्रेसी से समझौता हो सकता है.

    टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन का आरोप - बीजेपी ने मतदाताओं को लाने और लिए जाने के लिए सूरत से विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की 
    टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन ने पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव कानूनों का उल्लंघन करते हुए मतदाताओं को लाने ले जाने के लिए सूरत से विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की. पत्र में दावा किया गया कि यह रिश्वतखोरी और अनुचित प्रभाव का मामला है और नोटिस जारी करने, मामला दर्ज करने और संबंधित खर्चों को चुनाव खातों में शामिल करने समेत करवाई की मांग की है.

    नंदीग्राम में वोटिंग से 48 घंटे पहले ईसी ने बदला पुलिस ऑब्जर्वर 

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सबसे हाई प्रोफाइल चुनाव क्षेत्र  नंदीग्राम शामिल हैं. नंदीग्राम में वोटिंग से ठीक 48 घंटे पहले चुनाव आयोग ने  पुलिस ऑब्जर्वर को बदल दिया है. बताया जा रहा है कि यह फैसला तृणमूल कांग्रेस द्वारा  सोमवार को नंदीग्राम पुलिस स्टेशन के इंचार्ज पर भाजपा के पक्ष में काम करने और शिकायतों पर कार्रवाई न करने के आरोपों के बाद लिया गया है.

    पहले चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता कर सकेंगे मतदान

    दो चरणों में होने वाले चुनाव के पहले राज्य की  294 सीटों में से 152 सीटों पर कल यानी गुरुवार को वोटिंग होगी. इनमें उत्तर बंगाल के  आठ जिलों की सभी 54 सीटें और मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली की कई सीटें शामिल है. गुरुवार को लगभग 1.75 करोड़ महिलाओं सहित 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों की 2450 कंपनियों को तैनात किया है, जबकि 8000 से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है.

    तमिलनाडु चुनाव शांतिपूर्ण कराने को लेकर चुनाव आयोग की नजर

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होने के  मद्देनजर ईसीआई ने राज्य भर में शांतिपूर्ण और सुचारू मतदान कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं. चुनाव आयोग ने कुल  75, 064 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं, अधिकारियों के मुताबिक, बुनियादी ढांचे, पहुंच और वास्तविक समय की निगरानी पर खास ध्यान दिया गया है.

    चुनावों से ईडी ने अधिक छापे मारे 
    पिछले एक महीने में ईडी ने पश्चिम बंगाल में चुनावों से पहले एक दर्जन से अधिक ऑपरेशन किए हैं. ईडी के अधिकारियों ने वित्तीय अनियमितताओं को पता करने के लिए इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया, जबकि राज्य सत्ता सत्तारूढ़ पार्टी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने विधानसभा चुनावों से पहले जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करती है.

    कोई भी भाजपा सरकार नहीं चाहता - ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया कि टीएमसी राज्य में चौथी बार सत्ता में लौटेगी. उन्होंने कहा कि कोई भी भाजपा की सरकार नहीं चाहता. पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने  सभी विपक्षी दलों के नेताओं से केंद्र में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया.