• हिंदी पत्रकारिता: गौरवशाली अतीत, वर्तमान और चुनौतियां

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष विश्लेषण:-

    हैदराबाद, 30  मई 2026. आज के डिजिटल युग में जब सूचनाएं पलक झपकते ही दुनिया भर में पहुंच जाती है, तब ' हिंदी पत्रकारिता ' की जड़ें तलाशना बेहद दिलचस्प हो जाता है. 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने कलकत्ता ( अब कोलकाता ) से हिंदी के पहले समाचार पत्र 'उदंत मार्तंड' (अर्थात ' उगता हुआ सूरज') की शुरुआत की थी. यही वजह है कि इस ऐतिहासिक दिन को प्रतिवर्ष 'हिंदी पत्रकारिता दिवस ' के रूप में मनाते हैं.

    स्वतंत्रता संग्राम में महती भूमिका

    हिंदी पत्रकारिता केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय मिशन थी. भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी समाचार पत्रों ने जन - जन तक राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता और सामाजिक चेतना का बीज बोया.' उदंत मार्तंड ' के बाद समाचार ' सुधावर्षण ', ' हिंदुस्तान,' ' केसरी,' और कर्मवीर ' जैसे पत्रों ने अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी कानूनों के खिलाफ आवाज बुलंद की. गणेश शंकर विद्यार्थी, बाल गंगाधर तिलक और माखनलाल चतुर्वेदी जैसे दिग्गज पत्रकारों ने अपनी लेखनी को हथियार बनाकर समाज में नव- जागरण पैदा किया.

    भाषा और संस्कृति का संवाहक 

    हिंदी पत्रकारिता ने न केवल देश की राजनीतिक चेतना को जगाया, बल्कि हिंदी भाषा को जन - जन की भाषा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. इसने आम बोलचाल की हिंदी को साहित्य और विमर्श का माध्यम प्रदान किया, जिससे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बल मिला.

    वर्तमान स्वरूप और डिजिटल क्रांति

    आज हिंदी पत्रकारिता का विस्तार अभूतपूर्व है. यह केवल प्रिंट माध्यम तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल पोर्टल्स, सोशल मीडिया और टीवी न्यूज़ के जरिए हर पल अपडेट रहने वाला एक  विशाल नेटवर्क बन चुकी है. इसने अंग्रेजी पत्रकारिता के एकाधिकार को तोड़कर ग्रामीण और कस्बाई भारत की आवाज को मुख्यधारा में लाकर खड़ा कर दिया.

    चुनौतियां और दायित्व 

    आज के इस व्यवसायिक युग में हिंदी पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां भी खड़ी है.' मिशन' से शुरू हुई यह यात्रा कहीं न कहीं ' मार्केटिंग ' और टीआरपी  की दौड़ में उलझती नजर आ रही है. पत्रकारता के मूल्यों, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना आज समय की सबसे बड़ी मांग है. पत्रकार का काम केवल सूचना देना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना और सच को बेबाकी से सामने लाना है.

    ' निष्कर्ष'
    हिंदी पत्रकारिता ने  दो सदियों का एक लंबा और शानदार सफर तय किया है. हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि कलम की ताकत लोकतंत्र की नींव है. तकनीक इतनी भी आगे बढ़ जाए, लेकिन हिंदी पत्रकारिता की सार्थकता जनहित की रक्षा और सच्चाई की आवाज बुलंद करने में ही निहित. • जय हिंद •