जांजगीर में तरबूज खाने से एक परिवार के 4 लोगों की बिगड़ी तबियत, एक सदस्य की मौत
छत्तीसगढ़ के जांजगीर में भी मुंबई जैसा एक मामला सामने आया है वहां तरबूज खाने से एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसमें एक सदस्य की मौत भी हो गई।
जांजगीर, 11 मई 2026। जांजगीर में भी मुंबई जैसा मामला सामने आया है। जिले के धुरकोट में तरबूज खाने से एक परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई और एक सदस्य की मौत भी हो गई। 3 बच्चों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी मुंबई में खाना खाने के बाद तरबूज खाकर सोए एक परिवार के चार सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और चारों की मौत हो गई थी। मिली जानकारी के अनुसार पौड़ी दलहा गांव के निवासी अखिलेश धीवर (15), अवरीद निवासी श्री धीवर (4), खटोला निवासी पिंटू धीवर (12) तथा कोटगढ़ निवासी हितेश धीवर (13) अपने परिवार के लोगों के साथ धुरकोट गांव आए थे। जहां सोमवार की दोपहर को घर में रखा तरबूज खाए।
तरबूज खाने के कुछ घंटे के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी सबसे पहले अखिलेश जीवन दिवस की तबीयत खराब हुई उसे उल्टी दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। वह बेहोश हो गया। आनन फानन में एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तीनों बच्चों को भी इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया जहां उनके इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित एसडीएम को जिला चिकित्सालय जांजगीर भेजा। एसडीएम जांजगीर ने मेडिकल टीम को गांव में संबंधित परिवार के सभी लोगों के स्वास्थ्य जांच के लिए रवाना किया तथा तहसीलदार को गांव में इस बाबत पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया।
सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया बच्चों के तरबूज और चिकन खाने बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई, जबकि 3 अन्य बीमार बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है जिनकी हालत अब सामान्य है। उपयोग में लाए तरबूज के सैंपल जांच हेतु भेज दिए गए हैं। साथ ही मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।