नीतीश के हटते ही जदयू की पहली हार, कौन है जदयू के कन्हैया? जिन्हें राजद के सोनू राय ने हराया
बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने और दिल्ली (केंद्र) की राजनीति में सक्रिय होने के बाद, बिहार में जदयू को अपनी पहली चुनावी शिकस्त झेलनी पड़ी है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
पटना, 16 मई 2026. नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव में बंपर जीत दर्ज की थी. लेकिन नीतीश कुमार के सीएम पद से हटने और बिहार की सियासत छोड़कर केंद्र की राजनीति में सक्रिय होते ही जेडीयू को प्रदेश में पहली हार का सामना करना पड़ा है. जदयू को ये हार गुरुवार (14 मई) को हुई मतगणना में विधान परिषद के भोजपुर -- बक्सर एमएलसी उपचुनाव में मिली है. इस उपचुनाव में राजद के सोनू राय ने जदयू के कन्हैया प्रसाद को पराजित कर दिया.
जेडीयू के कौन है कन्हैया प्रसाद?
जदयू के कन्हैया प्रसाद, राधाचरण सेठ के बेटे हैं. राधा चरण सेठ भोजपुर - बक्सर सीट से एमएलसी थे. यह सीट तब खाली हुई थी जब राधा चरण सेठ ने विधायक बनने के बाद इस्तीफा दे दिया था. ऐसे में जदयू ने राधाचरण सेठ के बेटे कन्हैया प्रसाद को प्रत्याशी बनाया था. कन्हैया प्रसाद राजनीति में आने से पहले अपने फैमिली बिजनेस से जुड़े रहे. उनकी कंपनी खनन और व्यापार के क्षेत्र में काम करते हैं.
कौन है राजद के सोनू राय, जिन्होंने कन्हैया प्रसाद को हराया?
बक्सर- भोजपुर एमएलसी उपचुनाव में महागठबंधन के लिए जीत दर्ज करने वाले राजद के सोनू कुमार राय मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा क्षेत्र के मीरगंज के रहने वाले हैं. राजनीति उन्हें विरासत में मिली है. उनके पिता लाल दास राय बिहार विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य रह चुके हैं. इनकी गिनती राजद के कद्दावर नेताओं में होती थी. राजनीतिक गलियारों में सोनू राय की पहचान एक सक्रिय और जमीनी नेता के तौर पर है.
वे आरजेडी संगठन के भीतर लंबे समय से पसीना बहाते रहे हैं.
कितने वोटों से सोनू राय ने हराया जदयू के कन्हैया प्रसाद को?
इस उपचुनाव के लिए 12 मई को वोटिंग हुई थी और वोटो की गिनती गुरुवार (14 मई ) को सुबह 8:00 बजे शुरू हुई. कुल 5956 वोटो में से राजद के सोनू कुमार राय को 2486 वोट प्राप्त हुए, वहीं जदयू के कन्हैया प्रसाद को 2146 वोट मिले एवं मनोज उपाध्याय को 636 वोट मिले और 621 मतों को अवैध घोषित कर दिया गया. वोटो की गिनती का क्रम दो राउंड में 13 टेबलों पर किया गया. सोनू कुमार राय ने गिनती के शुरुआती राउंड से ही लगातार बढ़त बनाए रखी. जैसे ही रुझान साफ होने लगे, राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह बढ़ गया. नतीजा की आधिकारिक घोषणा हुई तो जदयू के प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को राजद के सोनू राय ने 340 मतों से हरा दिया.
जब भी बैलेट से चुनाव होगा, लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी: आरजेडी
बिहार आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जब भी बैलेट से मतदान होगा, लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी, क्योंकि तंत्र मंत्र और मशीनरी मैनेजमेंट के सहारे जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करना चाहते हैं, उन्हें स्पष्ट रूप से यह बात समझ में आ जानी चाहिए कि जिसके साथ जनता होती है, जीत उसी की होती है. सभी को पता है कि विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी को 143 सीटों पर बैलेट पेपर से बढ़त मिली थी और बाद में एनडीए ने किस तरह से मशीनरी और तंत्र मंत्र के सहारे चुनाव जीता, यह सभी को पता है.