• कांकेर-भानुप्रतापपुर -संबलपुर मार्ग होगा चकाचक, महाराष्ट्र रूट से जुड़ेगा

    कांकेर और भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। कांकेर- भानुप्रतापपुर- संबलपुर 48 किमी लंबे मार्ग  का 10 मीटर चौड़ीकरण और उन्नयन होगा।

    रायपुर/कांकेर, 25 मार्च 2026। कांकेर और भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। कांकेर- भानुप्रतापपुर- संबलपुर मार्ग के चौड़ीकरण से उन्हें सुगम आवागमन की सुविधा मिलने जा रही है। हाल ही में राज्य सरकार ने इस स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए करीब 124 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है। इस स्वीकृति से कांकेर से संबलपुर 48 किमी मार्ग के 10 मीटर चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है।

    लंबे समय से लंबित इस परियोजना के मंजूर होते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस स्वीकृति पर भाजपा के पुराने नेता एवं अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह राठौर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की बरसों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार का यह निर्णय काबिले तारीफ है। इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साव तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव  का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब कांकेर- कोरर- भानुप्रतापपुर से महाराष्ट्र जाना और भी आसान हो जाएगा।

    इस मार्ग की स्वीकृति के अनुसार इस स्टेट हाइवे के अंतर्गत 48.40 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण के लिए करीब लगभग 124.22 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह कार्य केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत वर्ष 2024-25 के द्वितीय अनुपूरक बजट में शामिल किया गया था, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने प्रशासनिक मंजूरी जारी की। लोक निर्माण विभाग, बस्तर के मुख्य अभियंता एमएल उराव ने बताया कि इस मार्ग पर भू अर्जन की आवश्यकता नहीं है। केवल यूटीलिटी मद में कुछ राशि व्यय होंगे। वहीं भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता महेंद्र कश्यप ने 'आज की आवाज़' को बताया कि कांकेर से संबलपुर तक करीब 48 किमी लंबी सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से 10 मीटर हो जाएगी। साथ ही इस मार्ग में पड़ने वाले करीब 60 छोटे - बड़े पुल- पुलिया को प्रस्तावित  सड़क के अनुरूप ऊंचा और चौड़ा बनाया जाएगा।