• 'सदन चलने दो, अमित शाह आ जाएंगे,' बीजेपी की कांग्रेस से अपील, आज फिर हंगामे के आसार

    बीजेपी ने आरोप लगाया कि विपक्ष ऐसी धारणा बना रहा है  कि वह संसद को बिल्कुल भी काम नहीं करने देगा. संसद से अमित शाह की अनुपस्थिति के विपक्ष के आरोप को खारिज करते हुए रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री हर दिन...

    नई दिल्ली, 7 अगस्त 2026. बीजेपी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर आरोप लगाया है कि जानबूझकर संसद का कामकाज नहीं चलने दे रहे हैं. बीजेपी ने कहा कि विपक्ष के नेता यह गलत बात फैला रहे हैं कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में नहीं आ रहे हैं. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पूरे दिन संसद में मौजूद रहते हैं और चर्चा के लिए उपलब्ध रहते हैं. बीजेपी ने कहा कि जब विपक्षी पार्टी लगातार विरोध प्रदर्शन करके संसद चलने नहीं देगी, तो अमित शाह कार्यवाही में कैसे शामिल हो सकते हैं? अमित शाह विपक्ष की बात  सुनने को तैयार हैं और मजबूती से जवाब देंगे.

    अमित शाह पूरे दिन संसद भवन में रहते हैं- बीजेपी सांसद

    बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेताओं के लगातार हमलों का जवाब देते हुए पत्रकारों से कहा, "अमित शाह पूरे दिन संसद भवन में अपने ऑफिस में मौजूद रहते हैं. लेकिन आप संसद को चलने नहीं देते... वे तभी शामिल हो सकते हैं जब आप इसे चलने दें." इससे पहले रिजिजू ने कहा कि गतिरोध के बावजूद  विधायी कामकाज जारी है और विधेयक पारित किए जा रहे हैं.

    यह बयान ऐसे समय में आया है जब अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामा के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हो रही है. संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि विपक्ष सदन का कामकाज रोक रहा है, जबकि आरोप यह लगा रहा है कि सरकार चर्चा से बच रही है.

    आज फिर हंगामें के आसार 

    हालांकि, सताधारी दल की अभी तक विपक्ष के साथ कोई आम सहमति नहीं बनी है जिससे माना जा रहा है कि आज भी लोकसभा में भारी हंगामा जारी रह सकता है. इस बीच  केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से टेलीफोन पर बातचीत की और महिला आरक्षण तथा परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक के लिए समर्थन मांगा, लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने प्रस्तावित विधेयक पर सर बताइए बैठक बुलाने की आवश्यकता पर जोर दिया. सूत्र बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा अवसर है, जब संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से फोन पर बातचीत की. लेकिन राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक का विरोध जारी रखने की अपनी बात पर अड़े रहे.