• महासमुंद: बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज से बदलेगी रफ्तार

    महासमुंद, 31 मार्च 2026। महासमुंद जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बेलसोंडा में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से जारी है। इसके पूरा होते ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित जाएगी। लगभग 52.29 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को 30 जुलाई 2024 को प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। 1.23 किलोमीटर लंबे इस टू-लेन ओवरब्रिज का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में तेजी से किया जा रहा है। ओवरब्रिज निर्माण लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा  हो चुका है। परियोजना के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर 72 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग गर्डर का फेब्रिकेशन और लॉन्चिंग कार्य प्रगति पर है। फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है, जबकि आरई वॉल और सुपर-स्ट्रक्चर का निर्माण जारी है। इसे नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

    वर्तमान में इस रेलवे क्रॉसिंग से प्रतिदिन 80 से 100 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे फाटक पर अक्सर लंबा जाम लगता है। ओवरब्रिज बनने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और लोगों के समय की बचत होगी। इस परियोजना से महासमुंद में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, व्यापार और आवागमन को गति मिलेगी। यह ओवरब्रिज जिले के विकास की रफ्तार को और तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।