• 10 अप्रैल को शपथ और फिर  नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं, बिहार में सियासी उलटफेर

    बिहार में सियासी हलचल धीरे-धीरे तेज होती जा रही है. अब खबर आ रही है कि सीएम नीतीश कुमार  के राज्यसभा में शपथ की तारीख तय कर ली गई है और इसके बाद वो बड़ा कदम उठाएंगे, जिसका काफी दिन से इंतजार हो रहा है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    पटना, 31 मार्च 2026. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर एक बार फिर से चर्चा तेज हो गई है. उन्होंने सोमवार को ही  बिहार विधान परिषद से अपना इस्तीफा दे दिया. इसके बाद अटकलें थी  कि वो सोमवार को ही मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे देंगे. लेकिन ऐसा हुआ नहीं, इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है.

    10 अप्रैल को नीतीश लेंगे राज्यसभा में शपथ - रिपोर्ट

    खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल 2026 को राज्यसभा में  बतौर सांसद शपथ लेकर उच्च सदन की सदस्यता ले लेंगे. एक टीवी चैनल ने इस खबर को अपने सूत्रों के हवाले से बताया है. टीवी चैनल के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेने की भी  तारीख तय हो गई है. जो की 10 अप्रैल है.

    10 अप्रैल के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कभी भी दे सकते हैं इस्तीफा

    राज्यसभा की शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीएम पद से अपना त्यागपत्र दे देंगे. यानी 10 अप्रैल के बाद किसी भी वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस्तीफा हो सकता है.

    नीतीश खरमास में ग्रहण करेंगे राज्यसभा की सदस्यता

    लेकिन इसमें भी एक पेंच है. नीतीश कुमार हमेशा खरमास के बाद ही शुभ काम की शुरुआत करते हैं. लेकिन साथ ही  नियमों का भी पालन करते हैं. खरमास 14 अप्रैल को खत्म हो रहा है, ऐसे में राज्यसभा में शपथ लेने के लिए खरमास से पहले का वक्त क्यों चुना गया, इसके पीछे की ठोस वजह  स्पष्ट नहीं है. माना जा रहा है कि बीजेपी जल्द से जल्द सत्ता ट्रांसफर करा लेना चाहती है. इसीलिए बीजेपी की कोशिश है कि  ये जल्द से जल्द हो जाए.

    नीतीश के करीबी निराश 

    वहीं, नीतीश कुमार के ज्यादातर करीबी नेता  अभी भी उनके फैसले से निराश दिख रहे हैं. सोमवार को नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके करीबी मंत्री अशोक चौधरी  मीडिया के सामने खूब  आंसू बहाए. जबकि जदयू के ज्यादातर नेता पहले ही बता चुके हैं कि वो बस मुख्यमंत्री नीतीश को नेता मानकर उनके फैसले को सहमति दे रहे हैं, लेकिन दिल से वो ऐसा बिल्कुल नहीं चाहते.