PM मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को ममता ने आचार संहिता का उल्लंघन बताया, बोलीं- शिकायत करूंगी..
टीएमसी प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण बिल सितंबर 2023 में ही पास हो चुका था। उन्होंने पूछा कि केंद्र सरकार ने इसे अभी तक लागू क्यों नहीं किया। ममता बनर्जी ने पूछा कि एक ही बिल को कितनी बार पास करना पड़ता है। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस पर संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 को पारित होने से रोककर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
कोलकाता, 20 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर रविवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर सरकारी मशीनरी का राजनीतिक प्रचार के लिए दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। हुगली जिले के तारकेश्वर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के आरक्षण बिल पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के जरिए भाजपा के लिए गैरकानूनी प्रचार किया। कल उन्होंने सरकारी मशीनरी का राजनीतिक प्रचार के लिए दुरुपयोग किया। हम इसकी निंदा करते हैं और चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे।'
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया। शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम मोदी ने लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले बिल को 2029 से लागू करने संबंधी विधेयक के पास न होने पर बात की। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की महिलाएं भ्रूण हत्या के पाप के लिए उन्हें कड़ी सजा देंगी। इस पर ममता बनर्जी ने पलटवार करते हुए, 'आपको भारत की जनता को जवाब देना होगा कि आप अपनी पार्टी के लिए अवैध प्रचार कर रहे हैं।'