• हैदराबाद के बेगम बाजार की सड़कों पर मलबों का ढ़ेर, रमजान और होली के समय स्वच्छता की खुली पोल

    इस शहर में साफ - सफाई को लेकर ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की ओर से खूब प्रचारित किया गया कि शहर में सड़क किनारे रखे गए निर्माण सामग्री का मलबा शीघ्र ही हटा दिया जाएगा. लेकिन स्वच्छता को लेकर खुद संबंधित विभाग के लोग जीएचएमसी कमिश्नर आर वी कर्णन की बात ही नहीं सुन रहा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-

    हैदराबाद, 1 मार्च 2026. हैदराबाद के व्यस्ततम बेगम बाजार के एक गली में पिछले 20 दिनों से सड़क निर्माण कार्य के लिए सड़क किनारे निर्माण सामग्री का मलबा आम जनों को प्रभावित किए हुए है. फिर भी महानगर निगम नींद में सोई हुई है, ऐसा लगता है. दरअसल यहां के प्रवेश द्वार गोशामहल और मुस्लिमगंज की तरफ जाने के लिए दो प्रमुख सड़कें हैं, उनमें छतरी नाका और डाकघर की गलियां प्रमुख है. लेकिन सड़क किनारे  कचरों का ढेर पड़े रहने से अक्सर यातायात बाधित होती रही है. विशेषकर यहां ड्राई फ्रूट और दैनिक उपयोगी एवं किराणा की दुकान है मौजूद हैं, जहां हर रोज लाखों की भीड़ होती है. बावजूद इसके  यहां की दोनों सड़कें और एक गली में चार जगहों पर मलबों का ढेर पड़े रहने से आम जनता परेशान है.

    डाकघर गली में कचरों का अंबार, लोग परेशान

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेगम बाजार डाकघर की गली में सड़क निर्माण के नाम पर सड़कें खोद कर रख दी गई है और सड़क किनारे कचरों का अंबार लगा हुआ है. इतना ही नहीं, आसपास के लोगों द्वारा भी अपने दोपहिया वाहन पार्क कर रखे जाने से यातायात बाधित हो रहा है. स्थानीय लोग बताते हैं कि सड़क किनारे करीब 20 दिनों से बेगम बाजार छतरी मार्ग पर कचरों का अंबार लगा हुआ है और लोग परेशान हैं. फिर भी कोई सुनने वाला नहीं. इस संबंध में एक स्थानीय कारोबारी ने बताया कि मलवा हटाने की गुजारिश संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला.

    बता दें कि , पिछले दिनों जब नगर निगम कमिश्नर ने स्वच्छता और सफाई के लिए 100 दिनों का कार्यक्रम चलाने की बात कही, तब भी मलबे हटाने को लेकर आश्वासन मिला था बावजूद इसके  हालात जस की तस बनी हुई है. लोग बताते हैं कि बड़ी लापरवाही से सड़क किनारे डाले गए मलबे हटाने की जिम्मेदारी कौन लेगा?बेगम बाजार के कारोबारी बता रहे थे कि रमजान और होली मुख्य पर्व समीप आने के बावजूद इस तरह के उपेक्षित रवैये से नकल कारोबार पर असर पड़ रहा है बल्कि आम जनों को भी यहां आने-जाने में कठिनाई हो रही है.

    वहीं, गोशामहल के स्वतंत्र विधायक टी. राजा सिंह कहते हैं कि महानगर निगम के संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को सड़क किनारे रखे गए मलबे और कचरों को उठाने चाहिए, ताकि सार्वजनिक जीवन सुचारू रूप से चल सके.