• बिहार में महिला सुरक्षा पर सियासी घमासान, तेजस्वी बोले -- ' क्राइम  बेहिसाब, सरकार लाचार'

    तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर एनडीए सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने हालिया गैंगरेप घटनाओं का डेटा गिनाते हुए कानून - व्यवस्था को फेल बताया और महिला सुरक्षा पर सरकार को घेरा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    पटना, 20 मई 2026. राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में महिला सुरक्षा को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है. आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव अपने साथ पार्टी की महिला विधायक और एमएलसी नेताओं के साथ मंच पर नजर आए. इस दौरान उन्होंने बीते एक महीने में महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों का आंकड़ा पेश करते हुए सरकार पर कानून - व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया.

    महिला अपराधों  का डेटा रखकर घेरा 

    तेजस्वी यादव ने कहा कि नई सरकार को बने एक महीना हो चुका है, लेकिन इस दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी आई है. उन्होंने दावा किया कि गैंगरेप और दुष्कर्म जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे राज्य में महिलाएं खुद को और असुरक्षित महसूस कर रही है.

    सरकार पर गंभीर आरोप 

    तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति क्रिमिनल डिसऑर्डर में बदल चुकी है. राजद नेता के मुताबिक, अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और सरकार उन्हें रोकने में  नाकाम रही है. तेजस्वी यादव ने कहा, बिहार में अपराधी 'सम्राट' और 'विजय' हो चुके हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे गृह मंत्री भी हैं, इसके बावजूद हालात बेकाबू है.

    'चुनाव में पैसा बांटकर वोट खरीदे '

    तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले महिलाओं को 10 हजार रुपए देकर  वोट खरीदे गए.
    उन्होंने सवाल उठाया कि अब 2 लाख रुपए की दूसरी किस्त कब दी जाएगी? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह वादा पूरा नहीं हुआ तो महिलाएं सरकार को जवाब देगी.

    वंशवाद और सरकार पर तंज 

    तेजस्वी यादव ने सरकार पर वंशवाद का आरोप भी लगाया और दावा किया कि मंत्रिमंडल में ऐसे मंत्री हैं जिनके पिता पहले मंत्री रह चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बीते 1 वर्ष में सरकार बने और बदलने में उलझी रही.

    केंद्र सरकार पर भी हमला

    तेजस्वी यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि लोगों को सोने न खरीदने, विदेश न जाने और पेट्रोल कम लेने जैसी बातें कहीं जा रही है, जबकि सरकार केवल  रील बनाने में व्यस्त हैं.