ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग समेत सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराए: सहकारिता आयुक्त
आजकल इंटरनेट बैंकिंग सुविधा आम बात हो गई है लेकिन राज्य के कई नागरिक सहकारी बैंकों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। मंगलवार को नागरिक सहकारी बैंकों की मीटिंग में सहकारिता आयुक्त महादेव कावरे ने सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
रायपुर, 19 मई 2026। छत्तीसगढ़ के आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं महादेव कावरे ने प्रदेश के नागरिक सहकारी बैंकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में आयुक्त सहकारिता महादेव कावरे ने कहा कि आजकल इंटरनेट बैंकिंग सुविधा आम बात हो गई है लेकिन कई नागरिक सहकारी बैंकों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने नागरिक बैंकों को ग्राहकों को तत्काल इंटरनेट बैंकिंग समेत आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में 12 शहरी नागरिक सहकारी बैंकों व्यावसायिक सहकारी बैंक पं. लि., रायपुर, नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, रायपुर ,लक्ष्मी नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, रायपुर, दी रायपुर अर्बन मर्केंटाइल को-ऑप बैंक, रायपुर नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, दुर्ग, भिलाई नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, भिलाई, प्रगति महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, भिलाई , बिलासपुर नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, बिलासपुर, नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, रायगढ़, महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, महासमुंद, रेणुका नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, अंबिकापुर, नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, जगदलपुर के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में महादेव कावरे ने कहा कि वे भारत सरकार सहकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नवाचारात्मक पहल को तत्काल लागू करें। इस दौरान उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि वे सहकारिता मंत्रालय की पहल के अनुरूप बैंकिंग सेवाओं के संवर्धन हेतु मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, AEPS, सेवाओं को लागू करने के साथ साथ बैंकों को तकनीकी सहायता, वित्तीय सेवाओं के विस्तार, बैंकिंग समाधान तथा अन्य सहायता हेतु गठित अम्ब्रेला आर्गेनाईजेशन से जुड़कर अपने सदस्यों के हितों के संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु पहल करें, जिससे वे बैंकिंग के क्षेत्र में नवीन तकनीक अपने ग्राहकों को सुलभ उपलब्ध करा सके। बैठक में अम्ब्रेला आर्गेनाईजेशन, नई दिल्ली से उपस्थित अधिकारी सुमीत हंस द्वारा आर्गेनाईजेशन से जुड़ने पर बैंकों को होने वाले लाभ एवं सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. आयुक्त सहकारिता कावरे ने सभी बैंकों को बैठक में दिए गए निर्देशों का समय सीमा में पालन सुनिश्चित करें।