नीट की परीक्षा रद्द, राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा - 22 लाख छात्रों के सपने कुचल दिए गए
नीट परीक्षा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत पेपर लीक भ्रष्ट व्यवस्था की वजह से बर्बाद हुई है.
नई दिल्ली, 12 मई 2026. नीट - यूजी 2026 रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों और पेरेंट्स के बीच भारी नाराजगी है. इस बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 22 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत, सपनों और परिवारों के त्याग को "भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था " ने कुचल कर रख दिया है. राहुल गांधी ने कहा कि किसी पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिया, किसी मां ने गहने बेचे और लाखों छात्रों ने रात - रात भर जागकर तैयारी की लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार मिला. उन्होंने इसे सिर्फ नाकामी नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ "अपराध " बताया है.
नीट परीक्षा रद्द होने से बढ़ा छात्रों का संकट
एनटीए ने 3 मई को आयोजित नीट - यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है. जांच एजेंसियों को ऐसे इनपुट मिले थे कि परीक्षा की गोपनीयता से समझौता हुआ है. हालांकि, सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी है और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है.
राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्रों को सजा भुगतनी पड़ती है. उन्होंने आरोप लगाया कि अगर युवाओं की तकदीर मेहनत की बजाय पैसे और पहुंच से तय होगी तो शिक्षा व्यवस्था का कोई मतलब नहीं रह जाएगा. राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी के "अमृतकाल" पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह देश के लिए" विषकाल " बन गया है.
देशभर में विरोध प्रदर्शन, दोबारा परीक्षा की तैयारी
नीट परीक्षा रद्द होने के बाद देश के कई शहरों में छात्रों और छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं. इसी क्रम में दिल्ली में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्रालय परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और एनटीए की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए. दूसरी तरफ एनटीए ने स्पष्ट किया है कि नीट परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा. वहीं नई परीक्षा की तारीख जल्द घोषित की जा सकती है.