• राजनांदगांव- डोंगरगांव- चौकी- मोहला- मानपुर रोड का होगा काया पलट, टेंडर फाइनल, गढ़चिरौली- हैदराबाद के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी

    राजनांदगांव से मोहला-मानपुर होते हुए गढ़चिरौली, महाराष्ट्र और हैदराबाद पहुंचना आसान हो जाएगा। नक्सलवाद के खात्मे के बाद मोहला-मानपुर जिले में इस सड़क के निर्माण से विकास को नए आयाम मिलेंगे। पीडब्ल्यूडी ने 94 किमी लंबी सड़क का दो भाग में टेंडर स्वीकृत किया है। पहला भाग के लिए 104 करोड़ और दूसरे भाग के लिए 162 करोड़ के टेंडर को फाइनल किया गया है। इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से मोहला-मानपुर से राजनांदगांव आने वालों को काफी सहूलियत होगी। 

    राजनांदगांव, 10 मई 2026। अब राजनांदगांव से मानपुर मोहला की यात्रा सुखद होगी। नक्सलवाद के खात्मे के बाद मोहला-मानपुर जिले में इस सड़क के निर्माण से विकास को नए आयाम मिलेंगे। राजनांदगांव के बजरंग चौक, जीई रोड से प्रारंभ होकर यह सड़क मानपुर सर्किट हाउस के पास नेशनल हाईवे क्रमांक 930 से जुड़ेगी। आखिरकार टेंडर विवाद के बाद सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने राजनांदगांव- डोंगरगांव- चौकी- मोहला- मानपुर  स्टेट हाईवे की 94 किमी लंबी सड़क का दो भाग में टेंडर स्वीकृत किया है। पहले भाग में राजनांदगांव से जिले की सीमा तक 36.70 किमी के लिए करीब 104 करोड़ का टेंडर फाइनल किया गया है, वहीं मानपुर-मोहला जिले के सीमा प्रारंभ से अंतिम छोर तक 57.20 किमी के लिए 162 करोड़ का टेंडर स्वीकृत किया गया है। यह दोनों ही टेंडर कवर्धा के ठेकेदार कन्हैयालाल अग्रवाल को मिला है। यह कार्य केंद्रीय सड़क निधि (CRF) योजना अंतर्गत स्वीकृत की गई है।

    राजनांदगांव जिला मुख्यालय से जिले की सीमा तक का 36.7 किमी का टेंडर कन्हैया लाल अग्रवाल को 23% कम पर मिला है। वहीं दूसरे भाग का करीब 57.20 किमी का टेंडर भी कन्हैया लाल अग्रवाल को 20% कम पर मिला है। राजनांदगांव से मानपुर तक टूलेन 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। रास्ते के पुल-पुलिया भी बनाए जाएंगे। पहले राजनांदगांव से मानपुर तक करीब 94 किमी सड़क निर्माण के  290 करोड़ रुपए का टेंडर दुर्ग की अमर बिल्डर्स कंपनी को मिला था। लेकिन सांसद संतोष पांडेय ने इसमें आपत्ति कर दी। उन्होंने अमर बिल्डर्स पर दस्तावेजों में गलत जानकारी प्रस्तुत करने और गड़बड़ी के आरोप लगाए। मामले की शिकायत लोक निर्माण विभाग के सचिव तक हुई। इसके बाद टेंडर को रद्द करने हुए प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।

    राजनांदगांव डोंगरगांव चौकी मोहला मानपुर तक दो जिले की सरहद होने के कारण टेंडर को दो भाग में विभाजित किया गया। एक भाग का 104 करोड़ का और दूसरे भाग का 162 करोड़ का टेंडर ठेकेदार कन्हैया अग्रवाल को निर्धारित शर्तों के अनुरूप दिया गया है। 

    राजनांदगांव- मानपुर रोड की स्थिति काफी जर्जर है। यह सड़क इतनी खराब है कि लोग इसमें चलने से बच रहे हैं। अभी राजनांदगांव आने के लिए लोग पहले दल्ली राजहरा आते हैं फिर वहां से राजनांदगांव जाते हैं। यह सड़क मोहला-मानपुर जिले की लाइफलाइन मानी जाती है। इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से मानपुर से राजनांदगांव आने वालों को तो सहूलियत मिलेगी ही, साथ ही राजनांदगांव से गढ़चिरौली महाराष्ट्र और वहां से हैदराबाद जाने वालों को भी अच्छी सुविधा मिलेगी।