• RCB vs MI IPL: साल्ट और पाटीदार ने की चौके-छक्के की बारिश, RCB ने मुंबई इंडियंस को घर में घुसकर 18 रनों से दी करारी शिकस्त

    RCB vs MI IPL: रविवार को बेंगलुरु और मुंबई के बीच हुए मैच में फिल साल्ट और रजत पाटीदार ने चौके-छक्के की झड़ी लगा दी। आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हरा दिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रनों का विशाल लक्ष्य मुंबई के सामने रखा, जिसे मुंबई हासिल नहीं कर पाई।
    मुंबई, 13 अप्रैल 2026। आईपीएल 2026 में के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हरा दिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रनों का विशाल लक्ष्य मुंबई के सामने रखा, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम सिर्फ पांच विकेट के नुकसान पर 222 रन ही बना सकी।

    ऐतिहासिक मैदान पर दो बड़ी टीमों के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनके इस फैसले को आरसीबी के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली और फिल साल्ट ने गलत साबित किया और पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। फिल साल्ट को शार्दुल ठाकुर ने तब आउट किया जब वे 36 गेंदों में 6 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 78 रनों पर खेल रहे थे।

    साल्ट के आउट होने के बाद कप्तान पाटीदार बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हए महज 17 गेंदों में 53 रन बनाए। उन्हें मिच सैंटनर ने तब आउट किया जब वे 20 गेंदों में 53 रन बनाकर खेल रहे थे। कोहली ने भी इस मैच में अच्छी पारी खेली लेकिन उनकी पारी धीमी रही। उन्होंने 38 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। टिम डेविड ने 16 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि जितेश शर्मा अच्छा फिनिश नहीं दे पाए और 9 गेंदों में 10 रन बनाए। शेफर्ड ने दो गेंदों में 2 रन बनाए। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए और 241 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।

    मुंबई इंडियंस की ओर से आज के मैच में सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए और बुमराह भी विकेटलेस रहे। बोल्ट ने चार ओवर में 50 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि बुमराह ने चार ओवर में 35 रन दिए और कोई भी विकेट हासिल नहीं हुआ। हार्दिक पांड्या ने 39 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि शार्दुल ने 2 ओवर में 32 और मार्कडेंय ने 2 ओवर में 40 रन खर्चे। ठाकुर को 1 विकेट मिला। वहीं मिच सैंटनर की भी जमकर पिटाई हुई और चार ओवर में 43 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

    241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रिकल्टन ने अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, इसके बाद रोहित शर्मा जब 13 गेंदों में 19 रन बनाकर खेल रहे थे उन्हें रिटायर हर्ट होकर जाना पड़ा, क्योंकि वे चोट से जूझ रहे थे। इसके बाद रियान रिकल्टन को सुयश शर्मा ने पारी के 8वें ओवर में आते ही पहली गेंद पर चलता किया। उन्होंने 22 गेंदों में 37 रन बनाए।

    इसके बाद सुयश ने अपने ओवर की पांचवीं गेंद पर तिलक वर्मा को भी आउट कर दिया। उन्होंने 1 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन 22 गेंदों में 33 रन बनाकर सूर्या चलते बने। 40 रन बनाकर हार्दिक भी आउट हो गए। अंत में शेफरन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में 9 छक्के और 1 चौके की मदद से 71 रनों की पारी खेली लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मुंबई निर्धारित 20 ओवर में 222 रन ही बना सकी और आरसीबी ने इस मुकाबले को 18 रनों से जीत लिया।

    आरसीबी की ओर से सुयश शर्मा ने चार ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार को कोई भी विकेट नहीं मिला, लेकिन वे किफायती रहे और चार ओवर में सिर्फ 38 रन दिया। जेकब डफी महंगे साबित हुए और चार ओवर में 58 रन देकर एक विकेट लिया। क्रुणाल पांड्या काफी किफायती रहे और चार ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इंपैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर आए रसीक सलाम दार ने 2.5 ओवर की गेंदबाजी करते हुए मात्र 23 रन दिए और 1 विकेट हासिल किया। शेफर्ड महंगे साबित हुए और 1.1 ओवर में 28 रन दे डाले हालांकि, उन्होने इतनी शानदार गेंदबाजी तो कर ही डाली की मैच जीता जा सके।

    आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराया।

    MI-222/5 (20 ओवर)

    RCB- 240/4 (20 ओवर)

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग इलेवन): फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, सुयश शर्मा।

    मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मारकंडे, जसप्रित बुमराह।