• Sakti Boiler Blast: कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा? मच गई चीख पुकार; PM एवं CM ने की मृतकों के परिजनों को 7 - 7 लाख और घायलों को 1 - 1 लाख रुपए सहायता राशि की घोषणा

    छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है. बॉयलर फटने से करीब 20 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. जबकि कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है. बॉयलर फटने से ब्लास्ट इतना भीषण ब्लास्ट हुआ कि दूर तक धुएं का गुबार देखने को मिला. ब्लास्ट होते ही चारों तरफ चीख पुकार मच गई. लोग बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे.

    सक्ती/रायपुर, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दोपहर को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर में ब्लास्ट होने की वजह से 20 लोगों की मौत हो गई. वहीं 50 से ज्यादा आग में झुलस गए. ब्लास्ट होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. परिजनों ने प्रशासन और प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही तथा घटना की जानकारी छिपाने के आरोप लगाए हैं. मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई है. 

    हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया. कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है. बताया जा रहा है कि बॉयलर के गर्म पानी के पाइप फटने की वजह से हादसा हुआ है.

    उद्योग मंत्री बोले-पाइप फटने की वजह से हुआ हादसा
    सक्ती प्लांट हादसे पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि इस घटना से हम बहुत दुखी हैं. अधिकारियों से बातचीत हुई है. 24 लोगों को चोट आई है. बॉयरल के गर्म पानी के पाइप फटने की वजह से ये हादसा हुआ है. श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. कंपनी के एक्ट के तहत ज्यादा से ज्यादा मुआवजा दिलाया जाएगा.

    प्रधानमंत्री ने सहायता राशि का किया ऐलान

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट में हुई दुर्घटना दुखद है. मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है. PMNRF की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

    मुख्यमंत्री ने भी सहायता राशि की घोषणा की

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5 - 5  लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही, हादसे में घायल हुए श्रमिकों को 50 - 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    मुख्यमंत्री साय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर बिलासपुर को जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले पर सतत निगरानी बनाए हुए है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।