16 जून को खुलेंगे छत्तीसगढ़ के स्कूल, शिक्षकों को आगामी 3 महीने का रोडमैप तैयार करने के निर्देश
छत्तीसगढ़ के स्कूल 16 जून को ही खुलेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने शाला प्रवेश उत्सव गरिमामयी आयोजित हो, इसके लिए उन्होंने विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया है।
रायपुर, 12 जून 2026। आखिरकार छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टी 15 जून को समाप्त हो रही है। 16 जून से छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालय खुल जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026- 27 की शुरुआत 16 जून से होने जा रही है। नए शैक्षणिक सत्र में पांचवी, आठवीं और दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के साथ-साथ शाला त्यागी बच्चों का फिर से स्कूलों में दाखिला कराने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया है। राज्य शासन की मंशा है कोई भी बच्चा शाला प्रवेश से ना छूटे। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने शाला प्रवेश उत्सव गरिमामयी आयोजित हो, इसके लिए उन्होंने विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया है।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी परिपत्र के मुताबिक बच्चों के गौरवमयी शाला प्रवेश हेतु स्कूल, संकुल, ब्लॉक और जिले स्तर पर विशेष आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें पूर्व कर्मचारी, जनप्रतिनिधियों और समाज सेवियों और पालकों की भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा गया है। नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही इस दिन मेधावी छात्रों का सम्मान भी किया जाएगा। शाला परिवार के द्वारा उत्कृष्ट पालकों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। कक्षा और विषय शिक्षक आगामी 3 महीने के लिए रोडमैप तैयार करेंगे। अब शिक्षक अवकाश के लिए आवेदन ऑनलाइन देंगे। ऑफलाइन आवेदन पूरी तरह बैन कर दिया गया है। 16 जून के पहले स्कूलों के मरम्मत और साफ- सफाई कराने को कहा गया है।
स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, संयुक्त संचालक, डीईओ, बीईओ, स्कूलों के प्राचार्य और शिक्षकों को व्यक्तिगत रुचि लेकर इस अभियान में योगदान देने को कहा ताकि आगामी परीक्षा परिणाम सुखद हो।