यू शटअप, गेट लास्ट! कापी-किताब बाहर से खरीदीं तो लाल-पीली हुईं प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल, एक बच्चे की मां के साथ बदसलूकी, वीडियो वायरल
शहर के एक प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल द्वारा एक बच्चे की मां के साथ बदसलूकी, अपशब्द कहने और बच्चे का नाम स्कूल से काटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त ऐक्शन की बात कह रहे हैं।
हरदोई, 27 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में प्राइवेट स्कूल का तानाशाह रवैया सामने आया है, जहां बाहर से कापी-किताब खरीदने पर प्रिंसिपल ने अभिभावक को जमकर को जमकर फटकार लगाते हुए धमकाया. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल प्रिंसिपल महिला अभिभावक को एक मिनट में 10 बार ‘यू शट अप’ कहती हुई सुनी जा सकती हैं. अब पीड़ित अभिभावक ने डीएम से गुहार लगाते हुए प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वायरल वीडियो हरदोई शहर के एसपी तिराहे पर चल रहे सनबीम स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा का बताया जा रहा है, जिसमें वे अभिभावक से बदसलूकी और बच्चे का नाम काटने की धमकी देतीं नजर आ रहीं हैं। प्रिंसिपल कह रही हैं कि काटो बच्चे का नाम, तुरंत रजिस्टर से नाम हटाओ। आ गए तमाशा करने, भागो यहां से, यू शटअप, गेट लास्ट।
कापियां बाहर से खरीदीं तो हुईं लाल-पीली
बताया जा रहा है कि यूकेजी के छात्र की मां द्वारा कॉपियां बाहर से खरीदने पर प्रिंसिपल ने खुलेआम अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बच्चे का नाम स्कूल से काटने की धमकी दी। वीडियो में प्रिंसिपल का रवैया बेहद आपत्तिजनक और असंवेदनशील नजर आ रहा है, जिस तरीके से वह एक अभिभावक से बात कर रही हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि मानो सामने कोई अभिभावक नहीं, बल्कि कोई गुलाम हो।
वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों में आक्रोश
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ जिसके बाद अभिभावकों में काफी आक्रोश है, लोग ऐसी प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त ऐक्शन की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रिंसिपल का हाव-भाव इतना उग्र है कि वे जिस पद पर हैं, वहां बैठकर वे बच्चों या अभिभावकों का भला नहीं कर सकतीं, इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटा देना चाहिए।
कॉपी किताबों का बड़ा खेल
स्कूल प्रबंधन अपनी चुनी दुकानों से ही बच्चों के अभिभावकों से कॉपी-किताबें खरीदने के लिए कहता है। ऐसा इसलिए होता है कि स्कूल का भी उसमें कमीशन होता है, लेकिन जब बच्चा या अभिभावक कहीं और से कॉपी किताबें खरीदता है तो स्कूल वाले नाराज होते हैं। ऐसा ही शनिवार को भी हुआ, बच्चे के अभिभावकों ने कहीं दूसरी जगह से कॉपी खरीदीं थी। जिसके बाद प्रिंसिपल ने उन्हें स्कूल में तलब किया था। जहां उनके साथ बदसलूकी की गई। वहीं, जब बच्चे के अभिभावक से इस संबंध में बात करने की कोशिश की गई तो वे कोई भी बात करने को तैयार नहीं हुए।
वायरल वीडियो पर न्यू सन बीम पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा की अब सफाई सामने आई है. उन्होंने कहा कि अभिभावक फीस को कम करने का दबाव बना रहे थे और स्कूल में छात्रों और उनके बीच आ रहे थे. उन्होंने करीब 3 घंटे उनका समय खराब किया.