• KKR vs LSG IPL : 155: 155 पर हो गया था मैच टाई, KKR ने सुपर ओवर में LSG को दी पटखनी, रिंकू सिंह ने विनिंग चौका लगाया

    KKR vs LSG IPL 2026: रविवार को आईपीएल के 38वें मैच में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में केकेआर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सुपर ओवर में करारी शिकस्त दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 155 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके जबाब में एलएसजी भी इतने रन ही बना सकी और मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ।

    लखनऊ, 27 अप्रैल 2026। IPL 2026 के 38वें मैच में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रविवार को केकेआर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सुपर ओवर में करारी शिकस्त दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 155 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके जबाब में एलसजी भी इतने रन ही बना सकी और मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ।

    केकेआर ने दिया 156 रनों का लक्ष्य

    रविवार को मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की शुरुआत काफी खराब रही और एक के बाद एक विकेट गिरते रहे। हालांकि, 6 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रिंकू सिंह ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रिंकू सिंह ने 51 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली, जिसकी मदद से केकेआर की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 155 रन बना सकी और लखनऊ को 156 रनों का लक्ष्य दिया।

    155 रन ही बना सकी लखनऊ की टीम

    इस मामूली से लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 8 रन के स्कोर पर ही मिच मार्श के रूप में पहला झटका लग गया। इसके बाद लखनऊ के भी नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे। इस टीम की ओर से ऋषभ पंत ने 42, एडेन मार्करम ने 31 और आयुष बडोनी ने 24 रनों की पारी खेली। अंत में हिम्मत सिंह ने हिम्मत दिखाई और 10 गेंदों में 19 रन बनाए लेकिन वे भी मैच फिनिश नहीं कर सके। मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद में छक्का लगाकर मैच को टाई कर दिया। जिसकी वजह से दोनों ही टीमों का स्कोर बराबर हो गया।

    आखिरी ओवर किसी ड्रामैटिक फिल्म से कम नहीं

    आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी। यह ओवर केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी डालने आए जिसमें पहली गेंद मोहम्मद शमी को डाली जहां उन्होंने लेग बाय के भागकर एक रन लिए। इसके बाद हिम्मद सिंह को दूसरी गेंद उन्होंने नो बॉल फेंक दी। इसके बाद अगली भी बॉल उन्होंने नो फेकी। एक वक्त को लगा कि उन्हें गेंदबाजी से हटा दिया गया है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब वे 5 गेंदों में 12 रन बचाने के लिए मैदान पर थे। उन्होंने पारी की दूसरी लीगल डिलेवरी डाली जिसमें हिम्मत सिंह ने चौका जड़ दिया। अब 4 गेंदों मे 8 रनों की जरूरत थी। कार्तिक ने पारी की अपनी तीसरी लीगल डिलीवरी हिम्मत सिंह को डाली और वे रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट हो गए। चौथी गेंद पर उन्होंने प्रिंस यादव को 1 रन दिया। इसके बाद आखिरी दो गेंदों पर मोहम्मद शमी स्ट्राइक पर थे और जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी। मोहम्मद शमी ने पांचवीं गेंद मिस कर दी, लेकिन आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर स्कोर बराबर कर दिया। दोनों ही टीमें 155 के स्कोर पर थम गईं। अब मैच का परिणाम सुपर ओवर में आना था।

    सुपर ओवर की 4 गेंदें और रिंकू-नरेन ने LSG को रगड़ दिया, जानिए पूरा हाल
    केेकेआर की ओर से सुपर ओवर डालने आए सुनील नरेन ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को शून्य के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद अगली गेंद पर पंत ने 1 रन लिया और स्ट्राइक पर एडेन मार्करम आए जिन्हें नरेन ने एक बार फिर रिंकू के हाथों कैच आउट करा दिया। इस तरह एलएसजी ने सुपर ओवर में सिर्फ 1 रन बनाया और सामने वाली टीम को 2 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे रोममैन पॉवेल के साथ बल्लेबाजी करने आए रिंकू सिंह ने प्रिंस यादव की पहली ही गेंद पर चौका जड़कर हासिल कर लिया और टीम को इस सीजन दूसरी जीत दिलाई।

    स्कोर बराबर। KKR ने LSG को सुपर ओवर में हराया।

    सुपर ओवर KKR- पहली गेंद पर 4 रन और जीत।

    सुपर ओवर LSG- 0+W, 1, 0+ W कुल स्कोर 1 रन।

    LSG- 155/8 (20 ओवर)

    KKR- 155/7 (20 ओवर)

    कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी

    लखनऊ सुपर जाइंट्स (प्लेइंग इलेवन): एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी, मोहसिन खान।