पटना में तेज रफ्तार बस ने ली युवक की जान, मचा बवाल, गुस्साए भीड़ ने फूंकी पुलिस वाहन समेत कई गाड़ियां
पटना के एनएच सड़क-30 पर बस की टक्कर से युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा. उग्र भीड़ ने
बस, पुलिस वाहन और कई गाड़ियों को किया आग के हवाले. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
पटना, 7 अगस्त 2026. बिहार की राजधानी पटना के बायपास पुलिस इलाके में स्थित एनएच सड़क -30 पहाड़ी के समीप तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक युवक की जान चली गई. हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर बवाल काटा. उग्र भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त बस, एक पुलिस वाहन और कई मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया.
वहीं, आग बुझाने पहुंची दमकल और पुलिस टीम को भी आक्रोशित लोगों ने खदेड़ दिया. खबर है कि उपद्रवियों ने जिला प्रशासन की गाड़ी और दर्जनों बसों व ट्रकों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में अफरा - तफरी मच गई.
मामले पर पटना सिटी एसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, इसके बाद भीड़ ने हिंसा की और वाहनों को निशाना बनाया. हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. दरअसल, अगम कुआं पुलिस क्षेत्र के जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और उन्होंने एन एच सड़क -30 जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
इस दौरान गुस्साए भीड़ ने एक निजी बस में आग लगा दी. इसकी सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी रोक दिया. बताया जा रहा है कि बस करीब 1 घंटे तक जलती रही, गुस्साए लोगों ने उसके पास किसी को नहीं जाने दिया.