• तीन महीने तक छुट्टी पर सख्ती, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश

    रायपुर, 22 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में सरकार का विशेष अभियान सुशासन त्यौहार और जनगणना के मद्देनजर आगामी 3 महीने तक छुट्टी को लेकर राज्य शासन ने सख्ती दिखाई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में बुधवार को एक परिपत्र जारी किया है। जारी परिपत्र के अनुसार कोई भी शासकीय सेवक सक्षम प्राधिकारी के द्वारा अवकाश स्वीकृत किए जाने से पूर्व मुख्यालय छोड़कर नहीं जाएगा। बिना अवकाश स्वीकृति के मुख्यालय से नदारद रहना अनुपस्थिति मानी जाएगी और इसे ब्रेक इन सर्विस माना जाएगा।

    वहीं आकस्मिक अवकाश की स्थिति में दूरभाष या डिजिटल माध्यम से पूर्व में सूचना दिया जाना अनिवार्य होगा  तथा तथा अवकाश से लौटने पर लिखित में उसकी पुष्टि करनी होगी। उधर आवश्यक परिस्थिति में लंबे अवकाश में जाने से पूर्व अधिकारी-कर्मचारी को अपना प्रभार अन्य को सौंपकर जाना होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।

    बता दें कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 'सुशासन तिहार 2026' का आयोजन 1 मई से 10 जून 2026 तक किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रशासन सीधे लोगों के द्वार जाकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करेगा  इस 40-दिवसीय अभियान में ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर राजस्व, बिजली और पानी जैसी जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसी के मद्देनजर सरकार ने अवकाश को लेकर कड़ा निर्देश जारी किया है।