ऐसा आर्थिक आंधी तूफान आने वाला है, जिसमें कुछ नहीं टिकेगा, पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूपी के रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि देश में एक ऐसा भयानक आर्थिक तूफान आने वाला है, जिस किसी ने अब... समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
रायबरेली, 20 मई 2026. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद सह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी संसदीय क्षेत्र रायबरेली में केंद्र की मोदी सरकार और देश के प्रमुख उद्योगपतियों अदानी और अंबानी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने देश की मौजूदा आर्थिक नीतियों पर गहरी चिंता जताते हुए जनता को आगाह किया कि आने वाले दिनों में देश एक ऐसे भयानक आर्थिक संकट का सामना करने जा रहा है, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की होगी. उन्होंने सीधे शब्दों में कहां की देश में ऐसा आर्थिक आंधी - तूफान आने वाला है, जिसे हमने अपनी जिंदगी में कभी नहीं देखा होगा. इसमें कुछ नहीं टिकेगा. इसकी चोट मजदूरों, किसानों और देश के युवाओं को लगने वाली है. कोई अमीर इससे प्रभावित नहीं होगा. वह तो अपने महलों में चैन से रहेगा.
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से देश की इकोनॉमी (अर्थव्यवस्था) का ढांचा बदला है, वह आने वाले इस बड़े आर्थिक तूफान के सामने टिक नहीं पाएगा. उन्होंने दुख जताते हुए कहा, "इस भयानक आर्थिक तूफान का सबसे बड़ा खामियाजा देश के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को ही भुगतना पड़ेगा. हालांकि, इस झटके का असर उद्योगपति अदानी- अंबानी या खुद नरेंद्र मोदी पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा. वे तो अपने सुरक्षित और बड़े-बड़े महलों में आराम से बैठे रहेंगे, लेकिन असली चोट देश के गरीब मजदूर और छोटे दुकानदार को लगेगी. आने वाले समय बहुत कठिन होने वाला है."
महीनों से दे रहा हूं चेतावनी, महंगाई आसमान छूएगी.
जनता से सीधा संवाद करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, "मैं पिछले कई महीनों से लगातार चिल्ला - चिल्लाकर कह रहा हूं कि एक बड़ा आर्थिक आंधी- तूफान आ रहा है, जिसके बाद महंगाई आसमान पर चली जाएगी. लेकिन वह कहते हैं कि राहुल गांधी को समझ नहीं है. हम आज भी सरकार से कह रहे हैं कि देश की जनता और अन्नदाता- किसानों की रक्षा कीजिए, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को आम जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है."
उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि देश में कोई ठोस कदम उठाने या आर्थिक सुधार करने के बजाय पीएम नरेंद्र मोदी देश के लोगों से कह रहे हैं कोई भी विदेश यात्रा न करें, जबकि वह खुद हर दूसरे दिन दुनिया भर का दौरा कर रहे हैं. वे हवाई जहाज में बैठकर कभी नॉर्वे चले जाते हैं तो कभी जापान का चक्कर लगाने जाते हैं.
मोदी पर अदानी- अंबानी का कंट्रोल
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी पर पूरी तरह से अदानी- अंबानी का कंट्रोल है. उन्होंने मीडिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा, " टीवी चैनलों को खोलते ही कभी आपको अडानी की बात दिखेगी, तो कभी अंबानी के घर की शादी दिखाई जाएगी. मैं कहता हूं कभी देश के गरीब किसानों और उनकी बदहाली की भी बात कर लिया करो, लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे. क्योंकि अदानी- अंबानी ही फेसबुक, व्हाट्सएप और हर जगह मोदी जी की मार्केटिंग करते हैं. यहां तक की मीडिया वाले भी खुद कहते हैं कि हमें सैलरी अंबानी- अदानी देते हैं, तो हम उनके खिलाफ क्या करें. "