• सुवेन्दु अधिकारी चुने गए बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता, बनेंगे मुख्यमंत्री, कल होगा शपथ ग्रहण

    सुवेन्दु अधिकारी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता चुन लिए गए, जिससे उनके राज्य में बीजेपी की ओर से पहले मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    कोलकाता, 8 मई 2026. सुवेन्दु पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के अधिकारी होंगे। कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेन्दु अधिकारी का नाम  प्रस्तावित किया गया और नव निर्वाचित भाजपा विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में केंद्रीय गृह मंत्री और पार्टी की तरफ से नियुक्त पर्यवेक्षक अमित शाह द्वारा औपचारिक रूप से इसकी घोषणा की गई. नई बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होगा. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के बड़े नेता शामिल होंगे।

    पश्चिम बंगाल में भाजपा पहली बार सरकार बनाने जा रही है। सरकार बनाने को लेकर कवायद तेज हो चुकी है. केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक  भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के लिए सुवेन्दु अधिकारी के नाम का ऐलान किया। 9 मई को राज्यपाल, सुवेन्दु अधिकारी को नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद सुवेन्दु अधिकारी राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
     
    बीजेपी ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद की आधिकारिक घोषणा शुक्रवार की है लेकिन सुवेन्दु अधिकारी राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण दो जीत हासिल करने के बाद इस दौड़ में सबसे आगे थे. उन्होंने नंदीग्राम सीट बरकरार रखी, जहां उन्होंने 2021 में ममता बनर्जी को हराया था और अब उन्होंने भवानीपुर सीट भी तृणमूल कांग्रेस  सुप्रीमो के हाथ से छीन ली है, जिसे लंबे समय से बनर्जी का गढ़ माना जाता था. दरअसल, सुवेन्दु अधिकारी कभी  ममता बनर्जी के सबसे करीबी सहयोगियों में शामिल थे और ग्रामीण पश्चिम बंगाल में तृणमूल के  संगठनात्मक  विस्तार के प्रमुख सूत्रधार माने जाते थे. वह दिसंबर 2020 में बीजेपी में शामिल हुए और प्रदेश में पार्टी के सबसे आक्रामक प्रचारकों में से एक बन गए. 
     
    बता दें कि  शनिवार को वह यहां के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. इस समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे. हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत  दर्ज करते हुए टीएमसी के 15 वर्षों के शासन का अंत कर दिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा झटका दिया. खबर है कि राज्यपाल आर एन  रवि ने गुरुवार को विधानसभा भंग कर दी, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया.