• 10 करोड़ के तेंदूपत्ता जलकर खाक,  बीजापुर डीएफओ पर गिरी गाज

    रायपुर/बीजापुर, 27 मई 2026। बीजापुर में 10 करोड़ के तेंदूपत्ता आग से जलकर खाक हो गया। इस मामले में राज्य शासन ने डीएफओ पर कार्यवाही की है। दरअसल 25 मई को बीजापुर के तेंदूपत्ता गोदाम में आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार इस आग से 18000 मानक बोरे सूखे हुए तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया। इस मामले में डीएफओ एवं जिला वनोपज यूनियन के एमडी पर लापरवाही से इनकार नहीं किया जा सकता। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन ने बुधवार को बीजापुर वन मंडल के डीएफओ रमेश कुमार जांगड़े को हटा दिया गया है। उनकी जगह में राज्य लघु वनोपज मुख्यालय में पदस्थ उप महाप्रबंधक जाधव सागर रामचंद्र को बीजापुर भेजा गया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जेपी पाठक ने बुधवार को इस आदेश जारी कर दिया है। 

    10 दिनों में 18 हजार बोरे स्टोर हुए

    वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग ने तेंदूपत्ता स्टोरेज के लिए गोदाम को किराए पर लिया था। जिसमें 10 दिनों के भीतर तेंदूपत्ता के लगभग 18 हजार मानक बोरे स्टोर किए गए थे।