• 'बंगाल में लोकतंत्र नहीं, टीएमसी का गुंडाराज चल रहा है,' कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या पर भड़के राहुल गांधी

    पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ता की हत्या को लेकर टीएमसी पर निशाना साधा और हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    कोलकाता, 26 अप्रैल 2026. पश्चिम बंगाल में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है. कांग्रेस ने इसका आरोप टीएमसी से जुड़े बदमाशों पर लगाया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को लेकर टीएमसी पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या टीएमसी के गुंडो ने की है. पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने भी इसको लेकर टीएमसी पर हमला बोला है और हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.

    टीएमसी का गुंडाराज चल रहा- राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "कांग्रेस के कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी की चुनाव बाद टीएमसी से जुड़े बदमाशों द्वारा की गई हत्या बेहद निंदनीय है. शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, टीएमसी का गुंडाराज चल रहा है. वोट के बाद विरोधी आवाजों को डराना, मारना, मिटाना- यही टीएमसी का चरित्र बन चुका है. कांग्रेस की राजनीति कभी हिंसा पर नहीं टिकी. हमने भी अपने कार्यकर्ता खोए हैं, फिर भी हमने हमेशा अहिंसा और संविधान का रास्ता चुना है. यही हमारी विरासत है, यही हमारा संकल्प."

    राहुल गांधी ने कहा, "मांग स्पष्ट है- सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तारी हो, कठोरतम सजा मिले और देवदीप  के परिवार को संपूर्ण सुरक्षा एवं मुआवजा सुनिश्चित किया जाए. भारत की अहिंसक परंपरा को कलंकित करने वाली किस राजनीति के सामने हम झुकेंगे नहीं. न्याय होकर रहेगा."

    कांग्रेस ने साधा निशाना

    वहीं बंगाल कांग्रेस ने भी टीएमसी पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने कहा, "पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी आसनसोल में कांग्रेस समर्थक देवदीप चटर्जी की बेरहमी से हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करती है. यह घटना आसनसोल नार्थ से कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेनजीत पुइतांडी के साथ मिलकर काम करने के लिए जानी जाती थी. यह हिंसा चुनाव के बाद हुई एक चौंकाने वाली घटना थी.

    पीड़ित पर सत्ताधारी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से जुड़े बदमाशों ने हमला किया और उसे दम भर पीटा, इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई. यह दुखद घटना राज्य में कानून व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खोलती है और पश्चिम बंगाल में विपक्षी कार्यकर्ताओं की  सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है. यह बात कि चुनाव के तुरंत बाद ऐसी हिंसा हुई है, राजनीतिक धमकी  और बदले की भावना के एक बहुत ही परेशान करने वाले पैटर्न को दिखाती है."

    कांग्रेस ने मांग की  है कि इस घिनौने जुर्म के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, एक सही निष्पक्ष और समय पर जांच हो एवं पीड़ित परिवार को पूरा मुआवजा और सुरक्षा मिले. कांग्रेस ने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि रिपोर्ट करने के समय तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई थी, जो इतनी गंभीर घटना के सामने प्रशासनिक लापरवाही को और दिखता है.

    पार्टी ने कहा, "कांग्रेस फिर से कहती है कि डर और हिंसा के माहौल में प्रजातंत्र जिंदा नहीं रह सकती. हम ऐसे जुल्मों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे एवं हर पीड़ित को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ते रहेंगे."

    राहुल गांधी का टीएमसी प्रमुख पर जोरदार हमला

    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के वोटिंग से पहले दक्षिण 24 परगना में एक चुनावी रैली को संबोधित  करते हुए राहुल गांधी ने टीएमसी और बीजेपी पर जमकर हमला बोला. राहुल गांधी ने कहा- पीएम मोदी भ्रष्ट हैं, लेकिन ममता बनर्जी भी भ्रष्टाचार में पीछे नहीं है.