बहुमुखी प्रतिभा के धनी पत्रकार श्रवण वीर उपाध्याय का निधन
रायपुर, 12 जून 2026. बहुमुखी प्रतिभा के धनी पत्रकार और लेखक श्रवणवीर उपाध्याय का कल राजधानी रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स )में निधन हो गया । वे 59 वर्ष के थे । स्वर्गीय श्रवण वीर रायपुर से प्रकाशित राष्ट्रीय मासिक पत्रिका 'पवन पुत्र टाइम्स 'के प्रबंध सम्पादक, रायगढ़ निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बिहारीलाल उपाध्याय के सुपुत्र, शिक्षा विभाग रायपुर में कार्यरत नटवर वीर उपाध्याय के ज्येष्ठ भ्राता और वरिष्ठ पत्रकार तथा 'पवन पुत्र टाइम्स' के सम्पादक वसन्तवीर उपाध्याय के छोटे भाई थे । श्रवण हॉकी के बेहतरीन खिलाड़ी और अच्छे फोटोग्राफर भी थे । इंदौर के न्यूज चैनल 'वन्दे भारत ' को भी वे कैमरमेन के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे रहे थे।
ज्ञातव्य है कि पिछले वर्ष हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन (राष्ट्रीय खेल दिवस) के अवसर पर राजधानी रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रवण वीर उपाध्याय को सम्मानित किया था । यह भी उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पिछले साल नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2025 में वसंत वीर उपाध्याय के निर्देशन में प्रदर्शित मानस बैंड के सहायक संगीत निर्देशक के रूप में भी श्रवण वीर ने अपना सराहनीय योगदान दिया था ।
श्रवण वीर का अंतिम संस्कार रायपुर के कोटा स्थित मुक्तिधाम में हुआ। मुखाग्नि उनके अनुज नटवर वीर उपाध्याय ने दी। इस अवसर पर वहाँ आयोजित शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसका संचालन डॉ. अनिल धर दुबे ने किया । शोक सभा में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई । इस अवसर पर डॉ.अनिल धर दुबे, हरीश त्रिवेदी, अधिवक्ता अरुण कुमार और प्रफुल्ल कुमार सहित अनेक प्रबुद्ध जनों ने श्रवण वीर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक प्रकट किया । श्रीकृष्णा नगर सोसाइटी और समाज सेवी संस्थाओं ने भी श्रवण वीर के निधन पर शोक प्रकट किया है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।