प्रशासनिक जगत में शोक की लहर, पूर्व IAS बीकेएस रे का निधन
रायपुर, 3 मई 2026। छत्तीसगढ़ के पूर्व अपर मुख्य सचिव गृह बीकेएस रे का कल देर रात निधन हो गया। वे छत्तीसगढ़ कैडर के 1972 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी थे। वे 77 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बीकेएस रे रायपुर के सुंदर नगर स्थित अपने निवास पर रह रहे थे। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और उनके परिचितों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
बीकेएस रे अपनी स्पष्टवादिता के लिए चर्चित भी रहे। वे कृषि उत्पादन आयुक्त और राज्य के अपर सचिव गृह भी रहे। इससे पहले वे अविभाजित मध्य प्रदेश में राजनांदगांव कलेक्टर समेत विभिन्न जिलों के कलेक्टर रहे तथा विभिन्न भूमिकाओं का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। नौकरी के अंतिम पड़ाव में तत्कालीन राज्य सरकार ने उनसे जूनियर शिवराज सिंह को मुख्य सचिव बना दिया। जिससे वे मुख्य सचिव की कुर्सी से वंचित रह गए और उन्हें मुख्य सचिव के समकक्ष पद व्यापम और माध्यमिक शिक्षा मंडल का अध्यक्ष बनाकर संतुष्ट किया गया। जहां से वे सेवानिवृत्त हुए। उनके प्रशासनिक योगदान को राज्य सदैव याद रखेगा।