• राहुल गांधी ने मोदी को किस बात के लिए 'जादूगर' कहा, 16 की क्या है पहेली?

    महिला आरक्षण बिल पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को " जादूगर" कहा. लोकसभा में इस बयान को लेकर राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया. माफी की मांग की गई. मोदी गुरुवार को इसी सदन में काला कपड़ा पहनकर विरोध जताने वालों का  मजाक उड़ाया था. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट :-

    नई दिल्ली, 17 अप्रैल 2026. लोकसभा में शुक्रवार को उस समय जोरदार हंगामा हो गया जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए "जादूगर" कह दिया. उनके इस बयान पर सत्तारूढ़ भाजपा के सांसदों ने  तीखी आपत्ति जताई और सदन में विरोध किया. महिला आरक्षण विधेयक पर बोलते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार की रणनीति का पर्दाफाश  किया.

    राहुल ने प्रधानमंत्री पर तीखा तंज कसते हुए कहा, "सच्चाई यह है कि जादूगर पकड़ा गया है. बालाकोट का जादूगर, नोटबंदी का जादूगर, सिंदूर का जादूगर अब अचानक पकड़ा गया है." इस टिप्पणी के बाद  बीजेपी सांसदों ने विरोध जताया और सदन में शोर - शराबा बढ़ गया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उठकर खड़े हो गए, उन्होंने राहुल गांधी से माफी की मांग की.

    महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पर  चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी पर देश के चुनावी नक्शे को बदलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि "आप (बीजेपी) देश की राजनीति में अपनी घटती ताकत से डर गए हैं और इसलिए चुनावी नक्शे को फिर से गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. आपने असम और जम्मू कश्मीर में ऐसा ही किया और अब पूरे देश में ऐसा करने की कोशिश हो रही है. इसके लिए आपको संवैधानिक संशोधन की जरूरत पड़ेगी."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि  सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे को डिलिमिटेशन से जोड़कर एक विवादित एजेंडा आगे बढ़ा रही है. उन्होंने कहा, "यह महिला सशक्तिकरण का बिल नहीं है... इसका महिलाओं से कोई लेना-देना नहीं है. 2023 में महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति से पास हुआ था. अभी जो हो रहा है, वह भारत के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश है." राहुल गांधी ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर पुराना महिला आरक्षण बिल वापस लाया जाए तो विपक्ष उसका समर्थन करेगा.