योगी सरकार के मंत्रिमंडल में उलटफेर, 6 नए चेहरों को किया गया शामिल, 2 को मिला स्वतंत्र प्रभार
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नेतृत्व वाली योगी सरकार के मंत्रिमंडल में रविवार को फेरबदल किया गया. प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में 6 नए चेहरों शामिल किया गया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
लखनऊ, 10 मई 2026. उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. प्रदेश में वर्ष 2017 से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार चल रही है. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए मंत्रिमंडल में यह उलटफेर किया गया है. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुल 8 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई, जिनमें 6 नए चेहरे हैं. मंत्रिमंडल विस्तार पर केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बताते हैं कि यह बहुत खुशी की बात है कि बहुत दिनों से चीजें रुकी हुई थी और वह निर्णय अब हो रहा है.
किन चेहरों को किया गया मंत्रिमंडल में शामिल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 8 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई. इनमें 2 को कैबिनेट मंत्री, 2 को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 4 को राज्य मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई है. जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज पांडे ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है. जबकि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में दो विधायकों अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर ने शपथ ली. वे दोनों पहले भी मंत्री थे. अब उन्हें स्वतंत्र प्रभार दिया गया है. वहीं, कृष्णा पासवान और कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर व हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली है.
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि आखरी 9 महीनों में मंत्री क्या कर लेंगे जब 9 साल तक सरकार ने कुछ नहीं किया. सपा नेता ने कहा, "यूपी के मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं, इससे अधिक तो दूसरे दल से पाला बदलकर आए लोग हैं, क्या उन सभी को मंत्री पद से नवाजा जाएगा? क्या उनमें से कमजोर को चुना जाएगा जिससे कि उसकी कमजोरी कुछ कम हो जाए?"