• एक साथ जले 10 लाख दीप, 'आशीर्वाद का दीया' से रोशन हुआ बिलासपुर

    बिलासपुर, 17 सितम्बर 2026. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आज बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। यहां एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ लगभग 10 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। शहरों से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से बिलासपुर जगमगा उठा। 

    उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने उत्साह के साथ दीप प्रज्जवलित कर 'आशीर्वाद का दीया' अभियान में सहभागिता निभाई। सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बढ चढ़कर हिस्सा लिया। दीपों की रोशनी से पुलिस परेड ग्राउंड का पूरा परिसर जगमगा उठा।  

    कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश वाजपेयी, दीपक सिंह, हर्षिता पाण्डेय, किशोर राय, वाणी राव सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर दीप प्रज्जवलित किया। 

    25 वर्षों की जनसेवा और गरीब कल्याण

    उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा के प्रति समर्पण की यात्रा है। वे देश के 140 करोड़ लोगों के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बिलासपुर ने इतिहास रचा है और पुलिस परेड ग्राउंड इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बना है। साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है।

    धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी जगमगाए दीप

    जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 तथा मल्हार में 11 हजार दीप जलाए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।

    शाम लगभग 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए गए। महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन में सहयोग किया। जल जनसेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट एवं नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। जिलेभर में एक साथ प्रज्वलित लगभग 10 लाख दीपों ने बिलासपुर को रोशनी से जगमगा कर सेवा, संकल्प, सुशासन तथा जनभागीदारी का संदेश दिया।