दोपहर 1 बजे तक 61.11% वोटिंग, 'देखिए कैसे हमारे वर्कर को पीटा है रात में', मीडिया के सामने वीडियो दिखाने लगी सीएम ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत आज 142 सीटों पर मतदान जारी है. दूसरे चरण की 142 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है. दोपहर 1 बजे तक 61.11% मतदान हो चुकी है. इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड है. इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, एवं 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल है. खबर है कि 4100 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी. इस चरण में दक्षिण बंगाल के 7 जिलों की सीटों पर कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है.
सबसे चर्चित मुकाबला भवानीपुर सीट पर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने है. टीएमसी सांसद डेरेक ओ - ब्रायन ने पीएम मोदी को चुनौती दी है कि अगर बीजेपी बंगाल हारती है तो वे पीएम पद से इस्तीफा देंगे? भवानीपुर में सीएम ममता बनर्जी ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को पीटने का आरोप लगाया है, लगभग 2,400 केंद्रीय बल कंपनियां तैनात हैं. वोटो की गिनती 4 मई को होगी. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-
कोलकाता, 29 अप्रैल 2026. वेस्ट बंगाल विधानसभा चुनाव में आज बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण की मतदान जारी है. दोपहर 1 बजे तक 61.11% मतदान हो चुकी है. सुबह 7 बजे से तमाम मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं. वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहेंगे. इस चरण में पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. ये सीटें मुख्य रूप से दक्षिण बंगाल के 7 जिलों में फैली हुई है. इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. सबसे प्रमुख मुकाबला भवानीपुर सीट पर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने है.
दूसरे चरण की वोटिंग में ये हैं चर्चित उम्मीदवार
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, स्वप्न दास गुप्ता, रासबिहारी, चंद्रिमा भट्टाचार्य, दीप्शिता धर, मीनाक्षी मुखर्जी, अधीर रंजन चौधरी, फिरहाद हकीम, अर्जुन सिंह,तापस रॉय, अरूप विश्वास, शुभंकर सरकार, कलतान दास गुप्ता, समेत कई और चर्चित चेहरों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद होगा.
इस चरण में कितने वोटर करेंगे वोटिंग
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में करीब 3.21 करोड़ मतदाता अपने वोटिंग अधिकार का उपयोग करेंगे. चुनाव आयोग ने 142 चुनाव क्षेत्रों में हजारों पोलिंग बूथ बनाए हैं. आयोग ने निर्देश दिया है कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के लिए सहायक मतदान केंद्र बनाया जाएं.
पोलिंग बूथ पर कैमरा और मोबाइल ले जाने पर रोक
वोटिंग में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील बूथों पर लाइव वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है ताकि चुनाव आयोग सीधे निगरानी कर सके. हर मतदान केंद्र पर पीने का पानी, बैठने की जगह और दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप की सुविधा सुनिश्चित की गई है. लेकिन पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल फोन और कैमरा ले जाने पर सख्त पाबंदी है.
बंगाल वोटिंग पर एनआईए की पैनी नजर
पश्चिम बंगाल चुनाव में एनआईए की टीम, राज्य पुलिस और केंद्रीय बल विभिन्न संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं. वहीं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है.
ममता बनर्जी ने वीडियो दिखाकर टीएमसी कर्मी की पिटाई का लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर क्षेत्र से टीएमसी प्रत्याशी ममता बनर्जी ने कहा, 'देखिए, रात में हमारे कार्यकर्ता को कैसे पीटा गया. जरा इस जुल्म को देखिए, यह किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती. शांतिपूर्ण तरीके से होती है. यह लोकतंत्र का उत्सव है. लेकिन इन्होंने इसे पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है. इनका इरादा साफ है कि बीजेपी जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है. हमारे कार्यकर्ता और लोग जान देने को तैयार हैं, लेकिन वे अपनी जगह नहीं छोड़ेंगे.'
चुनाव में धरने पर बैठी सीएम ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी धरने पर बैठ गई हैं. ममता ने कहा, 'बाहर से इतने सारे ऑब्जर्वर आए हैं. बीजेपी जो कुछ भी कहती है, वे वही कर रहे हैं. जरा आसपास देखिए, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं. क्या चुनाव इसी तरह होते हैं? वोट तो वोटर डालेंगे, न कि पुलिस या सुरक्षा बल. हाल ही में कुछ नए लोगों को लाया गया है, और वे जो मन में आ रहा है, वही कर रहे हैं. वे तो आतंकवाद फैला रहे हैं.'
बाली में ईवीएम खराबी पर बवाल, हल्का लाठी चार्ज भी
विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान बाली में
ईवीएम में खराबी को लेकर तनाव बढ़ गया. इस दौरान स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प की स्थिति बन गई. हालात काबू में करने के लिए केंद्रीय बलों ने हल्की लाठी चार्ज किया. घटना में दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है.
नदिया जिले के छपरा सीट पर आईएसएफ एजेंट को पीटा
पश्चिम बंगाल चुनाव में नदिया जिले के छपरा क्षेत्र के बूथ संख्या 53 पर कथित तौर पर एक आईएसएफ एजेंट को अंदर जाने से रोक दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें उसके सिर में चोट आई है. इस मामले में टीएमसी पर आरोप लगाए गए हैं.