कुछ सेकंड में मचा मौत का तांडव, कोयला खदान में जहरीली गैस धमाके से 90 लोगों की दर्दनाक मौत
चीन के शांग्सी प्रांत की एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस धमाके में कम से कम 90 लोगों की जान चली गई है और सैकड़ो लोग घायल हुए हैं. वहीं, 38 कामगार अभी भी जमीन के नीचे फंसे हुए हैं. हादसे के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
बीजिंग/नई दिल्ली, 23 मई 2026. चीन के उत्तरी हिस्से में स्थित शांक्सी प्रांत की एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस धमाके में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 38 कामगार अभी भी जमीन के नीचे फंसे हुए हैं. हादसे के बाद बड़े स्तर पर बचाव और राहत कार्य जारी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमाका शुक्रवार की देर रात चांगझी शहर स्थित ल्यूशेन्यू कोयला खदान में हुआ. उस वक्त खदान के अंदर लगभग 250 कामगार काम कर रहे थे.
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, हादसे के बाद खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का स्तर बेहद खतरनाक पाया गया. यह गैस बेहद जहरीली होती है और बिना गंध के तेजी से लोगों की जान ले सकती है. शनिवार सुबह तक दर्जनों कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया, लेकिन कई लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ कामगारों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. राहत और बचाव टीम लगातार अंदर फंसे हुए लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
इस बीच चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के इलाज और रेस्क्यू ऑपरेशन में हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस हादसे से सबक लिया जाए और कार्य स्थल सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्कता बरती जाए ताकि भविष्य में ऐसे बड़े दुर्घटना रोके जा सके. फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती रिपोर्ट में गैस रिसाव और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. दरअसल, शांक्सी प्रांत चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादन क्षेत्र माना जाता है. यहां पहले भी कई खदान दुर्घटना हो चुके हैं.