हिंदी लेखक संघ की मासिक कवि गोष्ठी में मूर्धन्य साहित्यकार आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी पर परिचर्चा आज
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ विशेष रिपोर्ट:- हैदराबाद, 8 अगस्त 2026. हिंदी लेखक संघ, हैदराबाद की 618 वीं मासिक गोष्ठी का आयोजन शनिवार( 8 अगस्त) अपराह्न 3 बजे से हैदराबाद के आबिड्स स्थित अमृत कॉन्फ्रेंस हॉल, राघव रत्ना टॉवर्स, 19वीं मंजिल में आयोजित होने की खबर है. इस मौके पर हिंदी के मूर्धन्य साहित्यकार, कवि आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक विशेष साहित्यिक परिचर्चा जाएगी. आयोजित परिचर्चा में विशिष्ट कवयित्री आशा ठाकुर एवं विद्या दवे श्रीमाली अपने विचार प्रस्तुत करेंगी.
वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा नगर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी अमृत कुमार जैन प्रमुख मौजूद रहेंगे. जबकि स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, हैदराबाद मुख्यालय के सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी मौजूदगी से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे.
इसी प्रकार से हिंदी लेखक संघ, हैदराबाद के संयोजक तथा गोलकोंडा दर्पण के संपादक एवं गीत चाँदनी के कार्यदर्शी कवि गोविंद अक्षय मंच संचालन करेंगे. साथ ही संघ की गतिविधियों से उपस्थित साहित्य प्रेमियों को विशेष जानकारी देंगे.
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में शानदार कवि गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिष्ठित एवं युवा कवि देश की समसामयिक रचनाओं का काव्य- पाठ करेंगे. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गीतकार चंपालाल बैद, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव ने सभी साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और हिंदी प्रेमी श्रोताओं से निर्धारित समय पर उपस्थिति होने का आग्रह किया है.