थलपति ने खोला खजाना, महिलाओं को 8 ग्राम सोने का सिक्का, सिल्क साड़ी व गाय - बकरी का तोहफा
तमिलनाडु के नए सीएम बनने के बाद थलपति विजय लगातार कई बड़े ऐलान कर रहे हैं. उन्होंने अपने पहले बजट में महिलाओं के लिए खजाना खोल दिया. चुनावी वादों को तेजी से पूरा कर रहे हैं. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-
चेन्नई, 8 अगस्त 2026. तमिलनाडु में जोसफ थलपति विजय सरकार लगातार कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान कर रही है. तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके सरकार) ने अपना पहला बजट पेश किया और इस बजट में महिलाओं के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया. इसमें सोने का 8 ग्राम सिक्का, अंगूठी, सिल्क साड़ी और गाय - बकरी देने का प्रस्ताव है. तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने पिछले बुधवार को बजट पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय राज्य की प्रत्येक महिला को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं और इसलिए उन्होंने इस योजनाओं में उनके लिए अलग से बजट रखा है.
अन्नन सीर योजना: 8 ग्राम सोने का सिक्का और एक रेशमी साड़ी
अन्नन सीर योजना के तहत 812 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है. इस योजना का हिंदी में मतलब है- बड़े भाई की ओर से शादी में गिफ्ट. इस योजना के तहत लड़की की शादी के मौके पर थलपति विजय की सरकार 8 ग्राम सोने का सिक्का और सिल्क की एक साड़ी उपहार स्वरूप देगी. इस योजना को डीएमके सरकार ने 1989 में आरंभ किया था. लेकिन 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयललिता ने इसमें बदलाव कर दिए थे. इसके तहत 4 ग्राम सोना और 50 हजार रुपए दिए जाते थे. 2016 में 4 ग्राम सोने को बढ़ाकर 8 ग्राम कर दिया गया और जब 2020 में कोविड शुरू हुआ, तब यह योजना अस्थायी तौर पर बंद हो गई थी. लेकिन 2021 में लंबित आवेदन भरने वाले को ही सोना दिया गया और नए आवेदन नहीं लिए गए.
इधर, थलपति विजय ने चुनावों से पहले वादा किया था कि इस योजना को फिर से आरंभ किया जाएगा. एक तरह से जयललिता ने जो मास्टरस्ट्रोक चला था, सीएम विजय उसे अपग्रेड कर दिया है.
मुफ्त में मिलेगी दूध देने वाली गाय
तमिलनाडु के वित्त मंत्री ने एक और ऐलान किया कि हर वर्ष 10 हजार पात्र महिलाओं को दूध देने वाली एक गाय मुफ्त में दी जाएगी. इस योजना के लिए करीब 57 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है. एक गाय खरीदने के लिए 57 हजार रुपए का प्रावधान है. इस योजना के तहत एक शर्त यह होगी कि लाभार्थियों को गाय का दूध आविन को बचना होगा. यह योजना भी 2011 में आरंभ की गई थी. उस वक्त 12 हजार दुग्ध उत्पादकों को 100% सब्सिडी पर गाय दी जाती थी. इससे आविन का दुग्ध उत्पादन भी बढ़ा था. लेकिन 2022 में डीएमके सरकार ने इसे बंद कर दिया. अब मुख्यमंत्री थलपति विजय ने इसे फिर से आरंभ किया है.
किन महिलाओं को मिलेगी पांच बकरी या भेड़
इसके अलावा 'वेत्री मगलिर बकरी पालन योजना ' के तहत निराश्रित विधवाओं, परित्यक्त महिलाओं, ट्रांसजेंडर और दिव्यांगों को 5 बकरी अथवा भेड़ खरीदने के लिए 100% सब्सिडी दी जाएगी. इस योजना से लगभग 30 हजार लाभार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है और इस पर 110 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.