राजधानी के एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में बनेगा फोरलेन फ्लाईओवर, अब रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक नॉनस्टॉप ट्रैफिक
रायपुर, 1 अप्रैल 2026। राजधानी के अनुरूप शहर के विकास में यह निर्माण कार्य काफी अहम साबित होगा। अब रायपुर रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक नॉन स्टॉप आवागमन होगा। बीच में कोई सिग्नल नहीं मिलेगा। रेलवे स्टेशन से निकलकर सीधे एयरपोर्ट पहुँच सकेंगे।इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग ने अटल पथ एक्सप्रेसवे रोड पर फुंडहर चौक में फोरलेन फ्लाईओवर निर्माण का निर्णय लिया है। पीडब्ल्यूडी ने 30 मार्च को यहां करीब 388 मी लंबा फ्लाईओवर निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इस चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण से रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट रफ्तार से पहुंच सकेंगे। वहीं कमल विहार से डूमरतराई सब्जी मार्केट के सामने से होते हुए ब्रिज के नीचे से फुंडहर पहुंच सकेंगे।
रायपुर सेतु संभाग के कार्यपालन अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि इस फोरलेन फ्लाईओवर की दोनों ओर 7.5 मीटर चौड़ाई की सर्विस रोड भी बनेगी। इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए राजस्व विभाग से मिलकर भूअर्जन की कार्रवाई की जा रही है। प्रभावितों को करीब 40 करोड़ रुपए के मुआवजे दिए जाने का अनुमान है। भूअर्जन की कार्रवाई पूरी होने के पश्चात तकनीकी स्वीकृति तथा टेंडर की कार्रवाई की जाएगी।
एक्सप्रेस वे पर ही फुंडहर चौक से एक किलोमीटर आगे टेमरी में 700 मीटर लंबा फ्लाईओवर का कार्य प्रक्रियाधीन है। वहां भूअर्जन की कार्यवाही अंतिम पड़ाव पर है। अटल पथ एक्सप्रेसवे पर टेमरी चौक से वीआईपी रोड तक फ्लाईओवर खेतों से होकर गुजरेगा। इस फ्लाईओवर के बनने से एक्सप्रेस वे वीआईपी रोड से कनेक्ट हो जाएगी और सीधे एयरपोर्ट तथा नया रायपुर से जुड़ेगी। इसके लिए सरकार प्रभावितों को करीब 60 करोड़ का मुआवजा देगी। रायपुर का स्वामी विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा माना में स्थित है और हवाई अड्डे से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एनएच-53 से हवाई अड्डे तक एक वीआईपी रोड विकसित की गई है।
दरअसल रायपुर में एक नई टाउनशिप परियोजना कमल विहार विकास के चरण में है। हाल ही में रेलवे स्टेशन से सद्दानी दरबार के पास एनएच-53 तक एक नया एक्सप्रेसवे निर्माण किया गया है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यातायात घनत्व बढ़ गया है। रायपुर शहर से हवाई अड्डे तक सभी वीआईपी आवागमन भी इसी सड़क से होता है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि फुंडहर चौक पर लेवल क्रॉसिंग लेवल क्रासिंग होने के कारण यातायात घनत्व अत्यधिक होने की स्थिति में ट्रैफिक जाम एवं दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए रायपुर शहर तथा रेलवे स्टेशन से हवाई अड्डे तक निर्बाध और सुचारू यातायात आवागमन सुनिश्चित करने के लिए फुंडहर चौक पर लेवल क्रॉसिंग को हटाने हेतु ग्रेड सेपरेटर प्रस्तावित किया गया है। राज्य शासन ने 30 मार्च को राशि रू. 87.53 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस ग्रेड सेपेरेटर के निर्माण हो जाने से यातायात के अत्यधिक दबाव होने की स्थिति में भी सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात का प्रवाह सुनश्चित हो सकेगा।