• पेट्रोल- डीजल और एलपीजी के बाद अब दूध हुआ महंगा, ₹4 लीटर तक बढ़े दाम!

    पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के बाद अब दूध के दाम भी बढ़ गए हैं. पशु आहार की बढ़ती लागत और गर्मियों में हरे चारे की कमी के कारण विक्रेताओं ने खुदरा मूल्य में दो से चार रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
    भोपाल, 1 अप्रैल 2026. पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के बाद अब दूध भी  महंगा हो गया है. गर्मियों के मौसम में पशु आहार की बढ़ती कीमतों के कारण मध्य प्रदेश के कई शहरों में विक्रेताओं ने आज यानि बुधवार से दूध के  खुदरा दामों में 2 से ₹4 प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है. विक्रेताओं के एक संगठन अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश दूध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष भरत मथुरावाला ने जानकारी दी है कि इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, भोपाल और जबलपुर जैसे अन्य नगरों में खुले दूध के खुदरा दाम  में दो से चार रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है.

    इंदौर में कितना हुआ रेट?

    मथुरावला ने बताया, "इंदौर में ₹60 प्रति लीटर बिकने वाला खुला दूध अब ₹63 प्रति लीटर के मूल्य पर बिक रहा है." उन्होंने कहा कि अन्य शहरों में स्थानीय  हालात के मुताबिक दूध के मूल्यों में इजाफा किया गया है. मथुरावाला के मुताबिक, "गर्मियों के मौसम के दौरान हरे चारे की किल्लत और पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण हमें दूध के दाम बढ़ाने पड़े हैं. गर्मियों में मवेशियों की दूध उत्पादन क्षमता वैसे भी कम हो जाती है."

    अमूल और मदर डेयरी बढ़ाएंगी मूल्य?

    अभी तक ऐसी कोई अपडेट नहीं है कि अमूल और मदर डेयरी  जैसी कंपनियां दूध के दाम बढ़ाएंगी. उन्होंने आखिरी बार बीते साल 1 मई से दूध के दाम बढ़ाए थे.

    एलपीजी हुई महंगी 

    आज यानी 1 अप्रैल से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 195.50  रुपए की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,078. ₹50 हो गई है. वहीं बीते महीने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे, इसके बाद इसका रेट 913 हो गया है.

    पेट्रोल- डीजल हुआ महंगा

    आज से ही प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी शेल इंडिया ने अपने आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है. इससे पहले नायरा एनर्जी भी तेल के दाम बढ़ा चुकी है. सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु में शेल आउटलेट्स पर पेट्रोल की कीमतों में 7.47 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है. अब सामान्य पेट्रोल की कीमत 119.85 प्रति लीटर हो गई है. डीजल की कीमतों में इससे भी अधिक 25.01 प्रति लीटर की भारी वृद्धि हुई है . जबकि प्रीमियम पावर वेरिएंट की कीमत 129.85 प्रति लीटर हो गई है. खबर है कि सामान्य डीजल बढ़कर 123.52 और प्रीमियम डीजल 133.52 प्रति लीटर पर पहुंच गया है.