एक शख्स ने तहसीलदार बनकर किया फोन और कहा, 'खतरनाक बीमारी से बचने के लिए मुंडन कराओ और ₹15000 पाओ', झांसे में आ गईं गांव की महिलाएं
तमिलनाडु के सलेम जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फोन कॉल आने पर महिलाओं ने अपने सिर मुड़वा दिए। सामने वाले ने सरकारी योजना के तहत उन्हें सिर मुड़वाने पर ₹15000 नकद देने का वादा किया था।
सलेम, 30 जुलाई 2026। तमिलनाडु के सलेम जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक शख्स ने खुद को तहसीलदार बताकर गांव की एक महिला को फोन किया और कहा कि कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी विदेशों में फिर से फैल गई है। वह हमारे क्षेत्र में दस्तक दे चुकी है जो बालों से फैलता है। इसलिए सरकार ने इसे रोकने के लिए एक योजना लेकर आई है कि सिर मुड़वाओ और पैसा पाओ। उन्होंने कहा कि सिर मुड़वाने पर महिलाओं को मिलेंगे ₹15000, पुरुषों को ₹6000 और कॉलेज छात्राओं को मिलेंगे 45000 रुपए नगद और लैपटॉप। महिलाओं को झांसे में लेने के लिए उन्होंने मोबाइल पर कुछ सिर मुड़वाई हुईं महिलाओं की तस्वीरें भेजी और नोटों की गड्डी भी दिखाई। मिली जानकारी के अनुसार, यह बात गांव में आग की तरह फैल गई। 15000 रुपए पाने के लालच में अट्टूर तालुका की महिलाओं में सिर मुड़वाने की होड़ सी मच गई।
सरकारी योजना समझकर इस महिला ने अपने इलाके की करीब 20 महिलाओं को इस अभियान में शामिल होने के लिए तैयार कर लिया। इनमें चित्रा (63), रामायी (62) और कावेरी (64) नाम की तीन महिलाओं ने स्थानीय सैलून जाकर अपना सिर मुंडवा भी लिया, जबकि कई अन्य महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। लेकिन जब कई दिन बाद भी किसी के खाते में पैसा नहीं आया तो महिलाओं को शक हुआ। उन्होंने आरोपी को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद वे अट्टूर तहसील कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने साफ कर दिया कि ऐसी कोई सरकारी योजना, बीमारी को लेकर कोई एडवाइजरी या मुंडन अभियान कभी जारी ही नहीं किया गया।
सच्चाई सामने आने के बाद महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने अरियालुर जिले के जयंकोंडम तालुक निवासी 39 वर्षीय सतीशकुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इंस्टाग्राम पर वायरल होने वाले प्रैंक वीडियो से प्रभावित था और उसी तरह का मजाक असल जिंदगी में करना चाहता था। पुलिस के अनुसार, वह लोगों को रैंडम फोन करता, बातचीत के दौरान उनकी जानकारी जुटाता और झूठे वादे करके मोबाइल बंद कर देता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की वारदात और कितने लोगों के साथ की है तथा क्या उसके निशाने पर दूसरे जिले के लोग भी थे।