5000 के लालच में ले जा रहा था 1.22 करोड़ की हवाला कैश, एक्सप्रेस ट्रेन में पकड़ा गया शख्स
मुंबई से हैदराबाद जा रही देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन में जीआरपी और आरपीएफ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के एक शख्स को 1.22 करोड़ की हवाला कैश के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी शख्स मुंबई के एक जौहरी के कहने पर महज ₹5000 के बदले इतनी भारी भरकम रकम कूरियर कर रहा था. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट:-
सिकंदराबाद, 29 मई 2026. सरकारी रेलवे पुलिस सिकंदराबाद और आरपीएफ के संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन में मुंबई से हैदराबाद ले जाई जा रही 1.22 करोड रुपए की भारी भरकम हवाला राशि जब्त की है और इसके साथ एक कूरियर को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए शख्स की पहचान विजय अंबादास गुप्ता ( 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के अमरावती जिले के साईनगर स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी है.
बोल्लाराम - मल्काजगीरी के बीच दबोचा गया संदिग्ध शख्स
अधिकारियों ने बताया कि 26 मई (मंगलवार) को जीआरपी सिकंदराबाद और आरपीएफ स्टाफ ने देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन में एक संयुक्त चेकिंग अभियान के तहत दोपहर करीब 3 बजे उक्त एक्सप्रेस ट्रेन जब बोल्लाराम - मल्काजगीरी रेलवे स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी, तभी सुरक्षा कर्मियों को एक यात्री की गतिविधियों पर शक हुआ. वह यात्री एक बड़े लगेज बैग के साथ बेहद संदेहास्पद परिस्थितियों में बैठा था. अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और जब उसके बैग की चेकिंग की गई, तो उसमें नोटों के बंडल देखकर सुरक्षा कर्मियों के होश उड़ गए.
सिर्फ 5 हजार के लालच में बना हवाला का कुरियर
कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी विजय गुप्ता ने पुलिस में जो खुलासे किए, उसमें ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. आरोपी विजय ने कबूला कि उसने 25 मई को 1.22 करोड़ से अधिक रुपए कैश मुंबई के कांता ज्वेलरी के संचालक संतोष सेठ नाम के व्यक्ति से ली थी एवं उसी के निर्देश पर उसने इस भारी भरकम कैश को देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए सिकंदराबाद ले जा रहे थे. वहां पहुंचकर उसे यह कैश मोंडा मार्केट में ज्वेलरी शॉप के संचालक बंटी नामक व्यक्ति को देनी थी. इस भारी भरकम और जोखिम भरे कैश को एक शहर से दूसरे शहर ट्रांसपोर्ट करने के लिए बदले में आरोपी शख्स को महज 5000 रुपए देने का लालच दिया गया था.
दस्तावेज दिखाने में रहा नाकाम, नोटों को देख उड़े होश
रेलवे पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई यह पूरी रकम ज्वेलरी कारोबार से जुड़े 'हवाला ' नेटवर्क का हिस्सा है. जब पुलिस ने आरोपी शख्स से इस कैश के मालिक या हकदार एवं इसके वैध उपयोग से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब अथवा वैध कागजात पेश नहीं कर सका. इसके बाद दो गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने आरोपी का कबूलनामा दर्ज किया और आरोपी शख्स का मोबाइल फोन, यात्रा टिकट और आईडी प्रूफ जब्त कर लिए. आगे की जांच जारी है.