• डिलीवरी देने पहुंचे दुकानदार ने वूमेन हॉस्टल में किया एमबीए छात्रा से दुष्कर्म, पीड़िता बिलासपुर की रहने वाली, ओड़िशा हुआ शर्मसार

    ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक शर्मनाक कर देने वाली घटना सामने आई है. 67 साल के एक दुकानदार ने वूमेन हॉस्टल में जाकर वहां एक 20 साल की एमबीए की छात्रा के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया. हालांकि, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता बिलासपुर से आकर होस्टल में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रही है। समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ भुवनेश्वर से सिटी रिपोर्टर अभय बनर्जी की रिपोर्ट:-

    भुवनेश्वर, 29 अप्रैल 2026. ओड़िशा से एक बार फिर शर्मनाक घटना सामने आई है. राजधानी भुवनेश्वर के गंगापाड़ा इलाके में एक स्थानीय  दुकानदार ने वूमेन हॉस्टल में घुसकर एक एमबीए छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले के खुलासा होने पर आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है. 67 साल के दुकानदार ने एमबीए छात्रा को तब हवस का शिकार बनाया जब वह हॉस्टल के रूम में अकेली थी. दुकानदार उसे डिलीवरी देने के लिए हॉस्टल पहुंचा था. आरोपी दुकानदार के खिलाफ इन्फो वैली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.

    छत्तीसगढ़ की छात्रा के साथ ओड़िशा में दुष्कर्म 

    पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्रा मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली है. वह एक प्राइवेट कॉलेज में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रही है. वह एमबीए की द्वितीय वर्ष की छात्रा है. इस घटना के  सामने आने के बाद ओड़िशा सरकार एक बार फिर से महिला सुरक्षा पर घिर गई है. सवाल खड़ा हो रहा है कि हॉस्टल की सुरक्षा में इतनी गंभीर घटना कैसे हो गई? पुलिस के मुताबिक, यह घटना 24 अप्रैल को हुई. आरोपी की पहचान 67 साल के दीपक प्रधान के तौर पर हुई है.

    प्रारंभिक जांच में आरोप की पुष्टि

    छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि आरोपी दुकानदार सामान देने के बहाने हॉस्टल में पहुंचा और मौका देखकर छात्रा के कमरे में घुस गया. उसे समय वह अकेली थी. आरोपी पर आरोप है कि उसने छात्रा का यौन उत्पीड़न किया. पुलिस ने बताया कि पहले दृष्टि में सबूत मिलने के बाद आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया  है. इसने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य सबूत से युवती के आरोपों की पुष्टि हुई. पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया और उसकी मेडिकल जांच भी कराई गई. उसने बताया कि घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के लिए फिलहाल व्यापक जांच जारी है.