• रोंगटे खड़े कर देने वाली बेबसी... बैंक ने मांगा डेथ सर्टिफिकेट तो बहन  का कंकाल कंधे पर लादकर बैंक पहुंचा भाई

    ओड़िशा के क्योंझर में 19 हजार रुपए के लिए एक भाई ने अपनी बहन की कब्र खोद डाली. डेथ सर्टिफिकेट ना होने पर कंकाल लेकर भाई बैंक पहुंच गया. पढ़िए सिस्टम की बेरुखी की दर्दनाक दास्तां...

    क्योंझर, 29 अप्रैल 2026. ओड़िशा के क्योंझर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो किसी फिल्म की पटकथा जैसी लगती है, लेकिन इसके पीछे छिपी गरीबी और लाचारी बेहद कड़वी है. जिले के पाटना इलाके में एक व्यक्ति अपनी मृत बहन के बैंक में जमा पैसे निकालने के लिए उसका कंकाल कंधे पर लादकर बैंक पहुंच गया. घटना दियानाली गांव की है. यहां रहने वाले जीतू मुंडा की बड़ी बहन की करीब 2 महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी. बहन ने अपनी मृत्यु से पहले ओड़िशा ग्राम्य बैंक में करीब 19 हजार रुपए जमा किए थे, जो उसने अपने मवेशी बेचकर कमाए थे.

    क्या थी इस खौफनाक की वजह?

    दरअसल, कोई अन्य कानूनी वारिस ना होने के कारण जीतू मुंडा कुछ दिन पहले उक्त जमा राशि निकालने के लिए बैंक गया था. लेकिन बैंक अधिकारियों ने उससे पैसे निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा. हालांकि, जीतू मुंडा के पास कागजात नहीं थे. हार मानकर उसने सबूत के तौर पर अपनी बहन को ही 'हाजिर ' करने का फैसला किया.

    3 किमी पैदल चला 

    आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने में असमर्थ होने पर मुंडा ने अपनी बहन के कंकाल को उसकी कब्र खोदकर बाहर निकाल लिया और फिर वह उसकी मृत्यु के प्रमाण के तौर पर उसे कंकाल को अपने कंधे पर लादकर बैंक तक ले गया. खबरों के मुताबिक, उसने बैंक के बाहर धरना दिया और पैसों को तुरंत जारी करने की मांग करते हुए कई घंटों तक कंकाल को बैंक परिसर के सामने रखा रहा. इधर सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और  मुंडा को बैंक परिसर  खाली करने के लिए मनाया. अधिकारियों ने कंकाल को दोबारा दफनाने की व्यवस्था भी की और उसकी जमा राशि भी दिलाई.