• 20 हजार रिश्वत लेते ASI को ACB ने रंगे हाथों पकड़ा, ढाबे में बिछाया गया जाल

    थाने में दर्ज एक प्रकरण को रफा-दफा करने के लिए 40 हजार रुपए मांगे थे। दो किस्तों में सौदा तय हुआ और 20 हजार पहले ही ले चुका था आरोपी।
    सक्ती, 10 मई 2026। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर एसीबी (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है. चंद्रपुर थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को रविवार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा गया. आरोपी अधिकारी केस को रफा-दफा करने के नाम पर प्रार्थी से मोटी रकम वसूल रहा था.

    जाने पूरा मामला?
    ग्राम बालपुर के रहने वाले शिव प्रसाद बरेठ और उनके परिवार के खिलाफ थाने में मारपीट की एक रिपोर्ट दर्ज हुई थी. इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई से बचाने और मदद करने के बदले ASI एस.एन. मिश्रा ने 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी.

    दो किस्तों में तय हुआ था सौदा
    शिकायतकर्ता शिव प्रसाद भ्रष्टाचार के आगे झुकने के बजाय पुलिस अधिकारी को सबक सिखाना चाहते थे. उन्होंने इसकी शिकायत बिलासपुर एसीबी ऑफिस में कर दी. जांच के दौरान पता चला कि ASI पहले ही रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये ले चुका था.

    ढाबे पर बिछाया गया जाल
    बाकी बचे 20 हजार रुपये देने के लिए 10 मई को प्रार्थी ने ASI मिश्रा को 'गुड्डू ढाबा' बुलाया. जैसे ही प्रार्थी ने आरोपी अधिकारी को पैसे थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है.

    भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
    एसीबी के मुताबिक, आरोपी ASI के खिलाफ पहले भी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलती रही थीं. फिलहाल आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई से सक्ती जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.