ओड़िशा में भीषण सड़क दुर्घटना, पांच मरे, 31 घायल, भुवनेश्वर समेत कई जिलों में कोहराम
ओड़िशा में शनिवार को रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला, जहां अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच घरों के चिराग बुझा दिए. तीर्थ यात्रियों से लेकर बारातियों तक, सड़कों पर फैली लापरवाही ने 31 लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ भुवनेश्वर सिटी रिपोर्टर अभय बनर्जी की रिपोर्ट:-
भुवनेश्वर, 10 मई 2026. ओड़िशा के अलग-अलग जिलों में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसों से पूरा प्रदेश दहल उठा. पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बीते 24 घंटों के भीतर हुई इन हादसों में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 31 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सबसे दर्दनाक हादसा राजधानी भुवनेश्वर के नेशनल हाईवे 16 पर हुआ.
ओवर ब्रिज पर ट्रक ने बरपाया कहर
शनिवार देर शाम भुवनेश्वर के फायर स्टेशन के पास एक बेकाबू ट्रक ने दो बाइक और एक स्कूटर को जबरदस्त टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई. प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि एक महिला का सिर धड़ से अलग होकर सड़क पर जा गिरा. हादसे के समय ये लोग शहीद नगर यह खंडगिरि की तरफ जा रहे थे. ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से चंपत हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है. इस घटना के बाद कोलकाता- चेन्नई हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.
तीर्थ यात्रियों की बस और ट्रक में भिड़ंत
गंजाम जिले में शनिवार को ही एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. यह बस करीब 30 यात्रियों को लेकर पोलासरा से पूरी जा रही थी. इस दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हो गई और 15 तीर्थ यात्री घायल हो गए. घायलों का उपचार कोडाला अस्पताल और एमकेसीजी मेडिकल में चल रहा है.
शादी की खुशियां मातम में बदली
दूसरी ओर मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला. मयूरभंज के वेतनाती थाना इलाके में बारातियों से भरी एक एसयूवी ट्रक से टकराकर पलट गई, जिसमें 13 लोग घायल हो गए. जबकि सुंदरगढ़ के तलसारा इलाके में रात को शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए. इसमें एक युवक मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायलों का इलाज चल रहा है.